बटाला के नजदीकी गांव रंगड़ नंगल में छुट्टी पर आए भारतीय सेना के जवान द्वारा फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर लीतक फौजी का परिवार श्री हजूर साहिब (नांदेड़) की यात्रा पर गया हुआ था और पीछे से घर में अकेले फौजी ने छत वाले पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान निर्मलजीत सिंह (40) पुत्र अमरजीत सिंह निवासी रंगड़ नंगल के रूप में हुई है।
आत्महत्या के कारणों का अभी खुलासा नहीं हालांकि, निर्मलजीत ने आत्महत्या क्यों की। इस बारे खुलासा नहीं हुआ है। थाना रंगड़ नंगल की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतक निर्मलजीत सिंह अपने पीछे अपनी बुजुर्ग माता, पत्नी और 7 व 9 साल के 2 बेटों को छोड़ गया है। इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर है।
राजस्थान में तैनात था जवान
घटना के संबंध में सरपंच जसबीर सिंह और मृतक के चचेरे भाई ने बताया कि निर्मलजीत सिंह सेना में कार्यरत था और वर्तमान में राजस्थान में तैनात था। उन्होंने बताया कि वह 10 दिन पहले ही अपने पिता की बरसी के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए छुट्टी लेकर गांव आया था।
घर में अकेला था जवान
परिजनों ने बताया कि निर्मलजीत की माता, उसकी पत्नी और बच्चे श्री हजूर साहिब के दर्शनों के लिए गए हुए थे, जिस कारण वह घर में अकेला था। मंगलवार दोपहर बाद जब वे उसके घर गए, तो देखा कि एक कमरे में पंखे के साथ उसकी लाश लटक रही थी।
सरपंच जसबीर सिंह ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी और परिवार के सदस्यों को सूचित किया।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी श्री हरगोबिंदपुर साहिब हरीश बहल और थाना रंगड़ नंगल के एसएचओ गुरइकबाल सिंह पुलिस पार्टी के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए बटाला के सिविल अस्पताल भेज दिया है। डीएसपी हरीश बहल ने बताया कि मृतक के परिवार के बयान के आधार पर अगली कानूनी कार्रवाई की जा रही है।