बठिंडा में मकान गिरने से बच्चे की मौत:मलबे में दबकर दो महिलाएं घायल, पाइपलाइन के लिए खुदाई की, ठेकेदार, JE- सुपरवाइजर पर FIR

बठिंडा के गोनियाना मंडी के गांव गंगा अबलू में पाइपलाइन बिछाने में बरती गई लापरवाही के कारण एक मकान की दीवार गिर गई। इस हादसे में 9 वर्षीय बालक की मौत हो गई, जबकि दो महिलाएं गंभीर रुप से घायल हो गई। घायल महिलाओं को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस मामले में ठेकेदार, जेई और सुपरवाइजर समेत तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। यह घटना नहरी पानी के निकास के लिए 8 फुट गहरी पाइपलाइन डालने के दौरान हुई। जेसीबी मशीन से खुदाई का काम चल रहा था, तभी गांव निवासी बिशन सिंह के मकान की नींव हिल गई और कुछ ही पलों में मकान की दीवार ढह गई। दीवार गिरने से घर में खेल रहा बच्चा वतनदीप सिंह और महिला गुरप्रीत कौर मलबे के नीचे दब गई। दीवार गिरते ही मची चीख-पुकार हादसे के बाद इलाके में चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों ने तुरंत मलबा हटाना शुरू किया और कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला। सूचना मिलने पर सहारा जन सेवा की लाइफ सेविंग ब्रिगेड टीम मौके पर पहुंची। टीम के सदस्य गुल्ली ठाकुर और संदीप गिल ने घायलों को गोनियाना मंडी के अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने वतनदीप सिंह को मृत घोषित कर दिया, जबकि गुरप्रीत कौर पत्नी जगसीर सिंह का उपचार जारी है। बाद में सहारा टीम ने बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए बठिंडा अस्पताल पहुंचाया। पाइपलाइन डालने के लिए खोदी जमीन मृतक बच्चे के पिता बिशन सिंह ने पुलिस को बताया कि भूमि रक्षा विभाग की ओर से सुपरवाइजर संदीप सिंह, ठेकेदार भूपिंदर सिंह और जेई लखविंदर सिंह की निगरानी में पाइपलाइन डाली जा रही थी। उन्होंने आरोप लगाया कि खुदाई के दौरान न तो सुरक्षा के कोई इंतजाम किए गए और न ही आसपास के घर वालों को इसकी सूचना दी गई, जिसके कारण यह हादसा हुआ। चार कमरे, बरामदा और बाथरूम गिरा उन्होंने बताया कि अत्यधिक गहराई में खुदाई होने के कारण साथ लगते मकान की नींव खिसक गई और चमकौर सिंह के मकान के चार कमरे, पशुओं वाला बरामदा, और बाथरूम गिर गए जिसके मलवे के नीचे आने से मेरा बेटा वतनदीप व वीरपाल कौर दब गए। वीरपाल कौर को मिल्ट्री अस्पताल में दाखिल करवाया गया जबकि मेरे बेटे को डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। नहियांवाला पुलिस ने शिकायत के आधार पर सुपरवाइजर संदीप सिंह, ठेकेदार भूपिंदर सिंह और जेई लखविंदर सिंह के खिलाफ धारा 106, 3 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। आरोपियो की गिरफ्तारी के लिए पुलिस रेड कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *