भाजपा ने कांगड़ा में बनाई चुनावी रणनीति:जयराम, अनुराग ठाकुर सहित शीर्ष नेताओं ने किया मंथन; कहा-सरकार की नाकामियां करें उजागर

कांगड़ा में भाजपा के शीर्ष नेताओं ने आगामी नगर निगम, नगर निकाय और जिला परिषद चुनावों के लिए रणनीति तैयार की। यह बैठक शुक्रवार को मटौर स्थित भाजपा विधायक पवन काजल के कार्यालय में आयोजित की गई।बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, सांसद अनुराग ठाकुर, डॉ. राजीव भारद्वाज, विक्रम ठाकुर, रविंद्र रवि, अरुण कुक्का और जिला भाजपा अध्यक्ष सचिन शर्मा सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। बंद कमरे में लगभग एक घंटे तक चली इस बैठक में चुनावी तैयारियों पर गहन मंथन हुआ। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह और उनकी टीम के धर्मशाला और कांगड़ा दौरे के ठीक एक दिन बाद हुई इस भाजपा बैठक से क्षेत्र में चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। पार्टी का मुख्य ध्यान धर्मशाला और पालमपुर नगर निगमों पर रहा, जहां वर्तमान में कांग्रेस का कब्जा है। इन दोनों नगर निगमों में जीत सुनिश्चित करने के लिए पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने प्रभारी पवन काजल और जिलाध्यक्ष सचिन शर्मा से फीडबैक लिया। बैठक में जिला परिषद चुनावों में पार्टी समर्थित उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपने पर भी चर्चा हुई। कांग्रेस सरकार की नाकामियों को उजागर करें वर्कर पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे नगर निगम, निकाय और जिला परिषद चुनावों में प्रदेश की कांग्रेस सरकार की नाकामियों को उजागर करें। उन्होंने महिलाओं को 1500 रुपये प्रति माह और बेरोजगारों को स्थायी रोजगार न मिलने जैसे मुद्दों को उठाकर कांग्रेस सरकार को घेरने पर जोर दिया। बूथ स्तर पर चुनाव प्रचार करने का आह्वान सांसद अनुराग ठाकुर ने भी धर्मशाला नगर निगम में पार्टी की जीत सुनिश्चित करने के लिए बूथ स्तर पर चुनाव प्रचार करने को कहा। उन्होंने पार्टी हित में धर्मशाला में पार्टी अधिकृत उम्मीदवारों के खिलाफ निर्दलीय चुनाव लड़ रहे पार्टी कार्यकर्ताओं से नामांकन वापस लेने की अपील की। जिला भाजपा अध्यक्ष सचिन शर्मा ने बताया कि जिला परिषद के विभिन्न वार्डों से पार्टी के उम्मीदवार जल्द ही घोषित किए जाएंगे। उन्होंने इस बैठक को भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की “चाय पर चर्चा” बताया, जिसमें नगर निगम, जिला परिषद, पंचायत और नगर निकाय चुनावों पर विस्तृत चर्चा हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *