भोजपुर में गर्लफ्रेंड से बात करने से मना करने पर एक युवक ने जीजा के भाई को गोली मार दी। गोली बाएं हाथ की बांह में लगी और पार होते हुए सीने में जा धंसी। गंभीर रूप से जख्मी युवक ने खून से लथपथ हालत में अपने भाई को फोन कर जानकारी दी। जिसके बाद परिजन आनन-फानन में इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल लेकर पहुंचे। घायल की पहचान उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के नौरंगा गांव निवासी सोनू कुमार ठाकुर(25) के तौर पर हुई है। जो पेशे से डेयरी संचालक है। घटना कारनामेपुर थाना क्षेत्र के ओझवलिया मोड़ के पास की है। लड़की से बात करने के लिए मना किया था घायल ने बताया कि बड़े भाई का साला साधु राय मेरे घर पर आया था। रविवार की सुबह दोनों दरवाजे पर बैठे थे। इस दौरान वो एक युवती से मोबाइल पर बातचीत कर रहा था। पूछताछ करने पर बताया कि वह ओझवलिया गांव की एक लड़की से बात कर रहा है। इस पर मैंने विरोध जताया, कहा कि जिस लड़की से वह बात कर रहा है, उसके परिवार के लोग उसकी डेयरी में दूध देते हैं। गांव में लोग उसके बारे में गलत बातें करेंगे। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। साधु राय गाली-गलौज करने लगा। बीच-बचाव करने पहुंची सोनू की पत्नी के साथ भी उसने अभद्र व्यवहार किया। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी और वहां से चला गया। गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी सोनू ने आगे बताया कि मामला शांत होने के बाद दूध लेकर बक्सर जिले के पररी गांव स्थित अमूल डेयरी जा रहा था। तभी ओझवलिया मोड़ के पास आरोपी बाइक से पीछा करते हुए पहुंचा और ओवरटेक कर गाड़ी रोक दी। इसके बाद गाली-गलौज करते हुए कमर से कट्टा निकालकर गोली मार दी। दोबारा अंजाम भुगतने की धमकी देते हुए फरार हो गया। छानबीन में जुटी पुलिस मामले की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पीड़ित के बयान के आधार पर जांच की जा रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।