श्री मुक्तसर साहिब के गिद्दड़बाहा विधानसभा क्षेत्र के कोटभाई गांव में महंत सरबजीत कौर की धारदार हथियारों से हत्या कर दी गई। उनका खून से लथपथ शव उनके घर में मिला। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। डीएसपी अरुण मुंडन ने बताया कि लगभग 36 वर्षीय महंत सरबजीत कौर गांव के तालाब के पास एक घर में अकेली रहती थीं। पुलिस को सूचना मिली थी कि सरबजीत कौर का शव घर में बिस्तर पर पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने पाया कि सरबजीत कौर के शव की गर्दन पर धारदार हथियारों के दो निशान थे। शुरुआती जांच में गर्दन पर धारदार हथियार के इस्तेमाल की पुष्टि हुई है। फॉरेंसिक टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई है और साक्ष्य जुटा रही है। इस घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।