मोहाली में 5वीं मंजिल से कूदकर युवती ने सुसाइड किया:स्कूटी पर आई; बैग से आधार कार्ड और लंच बॉक्स मिला, अंबाला की रहने वाली

मोहाली के सिटी सेंटर में एक युवती 5वीं मंजिल से कूद गई। नीचे गिरने की आवाज सुनकर मौके पर फौरन दुकानदार जमा हुए। उन्होंने युवती को उठाकर अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां करीब 8 घंटे के इलाज के बाद उसने दम तोड़ दिया। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस को बिल्डिंग की 5वीं मंजिल से युवती का बैग और नीचे पार्किंग में खड़ी युवती की स्कूटी मिली थी। बैग से लंच बॉक्स और स्कूटी की चाभी मिली। इसी से युवती का आधार कार्ड मिला है, जिससे उसकी पहचान हो सकी। पुलिस के अनुसार, लड़की का नाम तान्या है। वह हरियाणा में अंबाला के दुर्गा नगर की रहने वाली थी। हालांकि, युवती यहां कैसे और क्यों पहुंची, पुलिस इसकी जांच कर रही है। युवती की मां ने पुलिस को बताया कि बेटी दो-तीन दिन से परेशान चल रही थी। उसके पिता कई दिनों से बीमार हैं। उनकी जॉब भी नहीं लग रही थी। अब कल सुबह मोहाली में पोस्टमॉर्टम होगा। स्कूटी से पहुंची थी युवती थाना एयरोसिटी के एसएचओ अमनदीप सिंह ने बताया कि यह घटना बुधवार सुबह लगभग साढ़े 10 से 11 बजे के बीच हुई है। जिस सिटी सेंटर बिल्डिंग से युवती गिरी है, वह चंडीगढ़ एयरपोर्ट रोड पर स्थित है। यह एक मल्टीस्टोरी कॉमर्शियल बिल्डिंग है, जिसमें कई कंपनियों के ऑफिस हैं। पुलिस के अनुसार, युवती अपनी एक्टिवा स्कूटी से सिटी सेंटर पहुंची थी। इसके बाद वह कब और कैसे इमारत की पांचवीं मंजिल तक पहुंची, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। तेज धूप और सुबह का समय होने के कारण उस वक्त ग्राहकों की संख्या भी कम थी और ज्यादातर दुकानदार अपनी-अपनी दुकानें खोलने में व्यस्त थे। बोल भी नहीं पा रही थी युवती प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही युवती ऊपर से गिरी, लोगों ने जोरदार चीखने की आवाज सुनी। इसके बाद दुकानदार फौरन मौके पर पहुंचे। वहां युवती गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ी थी और कुछ भी बोल पाने की स्थिति में नहीं थी। मार्केट के लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उसे अपनी गाड़ी में डालकर अस्पताल ले जाने लगे। मोहाली शहर दूर होने के कारण उसे तुरंत जीरकपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। युवती के बैग से लंच बॉक्स और स्कूटी की चाभी मिली पुलिस ने बताया कि हमें मामले की सूचना दी गई थी। जब तक हम मौके पर पहुंचे, तब तक युवती को दुकानदार ही उठाकर अस्पताल ले गए। मौके से हमें युवती का बैग मिला। उसमें युवती का लंच बॉक्स और उसकी स्कूटी की चाभी थी। नीचे जाकर जब स्कूटी की तलाशी ली तो उसमें से युवती का आधार कार्ड मिला। युवती का मोबाइल भी उसके बैग में था। उससे युवती के परिजन को सूचना दी गई। युवती को जीरकपुर के अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। युवती के परिजन भी बोल नहीं पा रहे युवती के परिजन भी पहुंच गए। बेटी की गंभीर स्थिति के कारण उसकी मां भी कुछ बोलने की स्थिति में नहीं थी और अस्पताल में उसके पास ही मौजूद रहीं। अब जब उसकी मौत हो गई है, तो मां का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने घटना की सूचना देने वाले लोगों और युवती को अस्पताल पहुंचाने वालों से बातचीत की है। साथ ही, घटना के कारणों का पता लगाने के लिए इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि युवती किसी कंपनी में काम करती है। हालांकि, उसकी जानकारी परिजन ही दे पाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *