यमुनानगर में गुस्साए किसानों ने सड़क की जाम:अनाज मंडी में बॉयोमैट्रिक साइट बंद, पुलिस से बहस; रोडवेज बसें भी फंसी

यमुनानगर जिले की जगाधरी अनाज मंडी में गेटपास और बॉयोमैट्रिक सिस्टम की साइट बंद होने से गुस्साए किसानों ने आज सोमवार को मंडी के बाहर सड़क जाम कर दिया है। किसानों ने ट्रैक्टर-ट्रालियां सड़क के बीच में खड़ी कर दी और दरी बिछाकर धरने पर बैठ गए, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। जाम के चलते सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई। हालत यह हो गई कि रोडवेज की बसें भी जाम में फंस गई और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। मौके पर सेक्टर-17 थाना पुलिस पहुंची और किसानों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन इस दौरान किसानों और पुलिस के बीच तीखी बहस भी हुई। एंट्री न होने तक धरना जारी रखने की चेतावनी किसानों का कहना है कि गेटपास और बॉयोमैट्रिक साइट बंद होने के कारण उनकी फसल मंडी में प्रवेश नहीं कर पा रही है, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने साफ चेतावनी दी, कि जब तक उनकी ट्रैक्टर-ट्रालियों को मंडी में एंट्री नहीं दी जाती, तब तक उनका धरना जारी रहेगा। वहीं, मौके पर भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के नेता भी पहुंच गए हैं और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की जा रही है। किसानों ने प्रशासन से तुरंत सिस्टम को दुरुस्त कर सुचारू रूप से खरीद प्रक्रिया शुरू करने की मांग की है। पुलिस मौके पर तैनात प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी समस्या को जल्द ठीक कराने के प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। फिलहाल, मौके पर स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है और पुलिस हालात पर नजर बनाए हुए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *