यमुनानगर की शास्त्री कॉलोनी स्थित एक मोबाइल एक्सेसरीज की दुकान में रविवार सुबह भीषण आग लग गई। हादसे के दौरान दुकान में काम करने वाली एक युवती अंदर ही फंस गई, जिसकी मौत हो गई। प्रारंभिक तौर पर मौत का कारण धुएं से दम घुटना बताया जा रहा है। मृतका की पहचान करीब 28 वर्षीय शालिनी निवासी हमीदा के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग लगने का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं है, हालांकि प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। आग लगते ही अंदर फंसी युवती शास्त्री कॉलोनी निवासी रमनदीप सिंह ने बताया कि उनकी कॉलोनी में ही रमनदीप इंटरप्राइजेज के नाम से मोबाइल एक्सेसरीज की दुकान है। सोमवार सुबह दुकान खुली हुई थी और उसमें काम करने वाली शालिनी अंदर मौजूद थी। आज सुबह करीब साढ़े 10 बजे दुकान में अचानक आग लग गई। दुकान में ज्वलनशील मोबाइल एक्सेसरीज़ का स्टॉक होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई और शालिनी अंदर ही फंस गई। आसपास के लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया और तुरंत पुलिस व दमकल विभाग को सूचना दी। बेसुध अवस्था में बाहर निकाली युवती काफी प्रयास के बाद जब आग कुछ हद तक नियंत्रित हुई तो शालिनी को बाहर निकाला गया, लेकिन वह बेसुध अवस्था में थी। उसे तुरंत सिविल अस्पताल यमुनानगर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। दमकल विभाग की दो गाड़ियों ने करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। रमनदीप सिंह के अनुसार, दुकान में भारी मात्रा में सामान भरा हुआ था, जिससे लाखों रुपए के नुकसान का अनुमान है। एक साल से दुकान में कर रही थी काम रमनदीप ने बताया कि शालिनी पिछले करीब एक साल से उनकी दुकान पर काम कर रही थी। वह शॉप में कंप्यूटर का कार्य संभालती थी। जानकारी के अनुसार शालिनी के परिवार में उसकी मां ही एकमात्र सदस्य है। फिलहाल, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सिटी थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह ने बताया कि प्राथमिक जांच में मौत का कारण दम घुटना बताया जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। पुलिस आग लगने के कारणों की भी जांच कर रही है।