ललितपुर में नहर में नहाते समय 5 युवक डूब गए। इनमें से दो युवकों को बचा लिया गया, जबकि तीन की मौत हो गई। पांचों युवक एक रिश्तेदार के यहां शादी में शामिल होने आए थे। गुरुवार तड़के वापस जा रहे थे। रास्ते में पड़ने वाली राजघाट नहर के पास गाड़ी रोककर पांचों नहाने उतर गए। अचानक एक युवक नहर के गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसे बचाने के लिए अन्य साथी उसके पास पहुंचे। पांचों डूबने लगे। उन्हें देखकर आसपास लोग नहर में कूद पड़े। पानी का बहाव तेज होने और गहराई अधिक होने की वजह से सिर्फ 2 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा सके। बाकी तीनों दोस्त डूब गए। स्थानीय लोगों ने किसी तरह तीनों को बाीर निकाला। अस्पताल लेकर पहुंचे तो डॉक्टर्स ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मामला तालबेहट कोतवाली क्षेत्र का है।। पढ़ें पूरी खबर… राहुल गांधी आय से अधिक संपत्ति मामला:लखनऊ HC में बंद कमरे में रिकार्ड सीलबंद इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ खंडपीठ ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ कथित आय से अधिक संपत्ति की जांच की मांग वाली याचिका पर केंद्र और राज्य की एजेंसियों को जवाब दाखिल करने के लिए 12 मई तक का समय दिया है। इस मामले की सुनवाई बुधवार को न्यायाधीशों के चैंबर में हुई। सुनवाई पूरी होने के बाद न्यायालय ने एहतियात के तौर पर पूरी केस फाइल को सीलबंद कर सीनियर रजिस्ट्रार की अभिरक्षा में रखने का निर्देश दिया। न्यायालय ने यह भी कहा कि अगली सुनवाई 12 मई को होगी और उसी दिन सीलबंद रिकॉर्ड खोला जाएगा। पूरी खबर पढ़ें गाजियाबाद में AC का कंप्रेशर फटने से 2 कर्मचारियों की मौत, 2KM दूर तक सुनाई दी आवाज गाजियाबाद में एक फैक्ट्री में टेस्टिंग के समय एसी का कंप्रेशर फट गया। हादसे में 2 कर्मचारियों की मौत हो गई। जबकि एक की हालत गंभीर बनी हुई है। घायल कर्मचारी को दिल्ली सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आवाज इतनी तेज थी कि धमाके की आवाज 2 किमी दूर तक सुनाई दी। हादसा गुरुवार शाम को साहिबाबाद इलाके में मेडोर्स रिन्यूवल एनर्जी नाम की फैक्टरी में हुआ। पढे़ं पूरी खबर…. ‘काले अंग्रेज चला रहे पुलिस विभाग’:लखनऊ में कांस्टेबल ने IPS अफसरों पर लगाए भ्रष्टाचार के आरोप…VIDEO लखनऊ कमिश्नरेट की रिजर्व पुलिस लाइन में तैनात कांस्टेबल सुनील कुमार शुक्ला ने विभाग के अधिकारियों, विशेषकर IPS अधिकारियों पर भ्रष्टाचार और अवैध वसूली के गंभीर आरोप लगाए हैं। इसका वीडियो फेसबुक पर पोस्ट किया है। उसमें कहा है कि पुलिस विभाग को काले अंग्रेज चला रहे हैं। उसने मुख्यमंत्री से न्याय की गुहार लगाते हुए पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है। कांस्टेबल को 20 दिन की छुट्टी पर भेज दिया गया है। पूरी खबर पढ़िए सरयू नदी में 4 दोस्त डूबे, एक को बचाया: बस्ती से अयोध्या दोस्त का बर्थडे मनाने आए थे, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी अयोध्या की सरयू नदी में सुबह करीब 7 बजे नहाते समय 4 दोस्त डूब गए। इनमें से एक को घाट पर तैनात जल पुलिस ने बचा लिया। 3 लड़के नदी में डूब गए। जल पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें तीनों की तलाश कर रही हैं। 10 से अधिक गोताखोर भी लगाए गए हैं। तीनों लड़के बस्ती के रहने वाले हैं। ये लोग दोस्त का बर्थडे मनाने अयोध्या पहुंचे थे। तीनों युवकों की तलाश के लिए एसडीआरएफ की टीम सुबह 7 बजे से सर्च ऑपरेशन चला रही है। शाम चार तक 9 घंटे बीत चुके हैं। अब तक तीनों का कोई सुराग नहीं मिला है। तीनों की तलाश नदी के दो किलोमीटर के दायरे में की जा रही है। पूरी खबर पढ़ें कानपुर में मजदूरों से भरी बस नहर में गिरी, पुलिस ने सभी 21 लोगों को रेस्क्यू किया कानपुर में गुरुवार सुबह मजदूरों से भरी प्राइवेट बस हादसे का शिकार हो गई। रानियां स्थित फैक्ट्री में काम करने जा रहे मजदूरों की बस की सामने से आ रहे डंपर से जोरदार टक्कर हो गई, जिसके बाद बस अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से चलाए गए रेस्क्यू अभियान में बस में फंसे सभी 21 मजदूरों को बाहर निकाल लिया। हादसे में सभी मजदूरों को चोटें आईं, जिन्हें उपचार के लिए बिधनू सीएचसी पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद एक घायल को गंभीर हालत में कानपुर जिला अस्पताल रेफर किया है। मौके पर घाटमपुर एसीपी कृष्णकांत यादव, सीएफओ दीपक शर्मा, पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौजूद रही। क्रेन की मदद से बस को नहर से बाहर निकाला गया। पढ़ें पूरी खबर… हापुड़ में तलवार से हमला कर युवक की हत्या, शराब के नशे में विवाद पर वारदात हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली क्षेत्र के कल्याणपुर गांव में बुधवार रात तलवार से हमला कर 22 वर्षीय युवक ऋतिक की हत्या कर दी गई। शराब के नशे में आरोपी धीरज प्रजापति द्वारा गाली-गलौज के बाद हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। हमले में गंभीर रूप से घायल ऋतिक को मेरठ रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद गांव में तनाव फैल गया, जिसके चलते भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पढ़ें पूरी खबर प्रदेश में आज से स्व-जनगणना शुरू, ऑनलाइन परिवार की डिटेल भरें; 34 सवालों के जवाब दें यूपी में आज से जनगणना की प्रक्रिया शुरू हो रही है। सबसे पहले आज से स्व-गणना शुरू हो रही है। यानी खुद घर के सभी सदस्यों का ऑनलाइन फॉर्म भर सकते हैं। फॉर्म में पूछे गए 34 सवालों के जवाब देने होंगे। कोई गलत जानकारी न दर्ज करें। इसके लिए कोई भी दस्तावेज अपलोड नहीं करना होगा। ये ध्यान रहे कि परिवार के प्रत्येक सदस्य को फॉर्म नहीं भरना है। परिवार के मुखिया ही फॉर्म में परिवारजनों की संख्या दर्ज करेंगे। स्वगणना की प्रक्रिया 7 से 21 मई तक चलेगी। इस दौरान परिवार के मुखिया को se.census.gov.in पोर्टल पर जाकर मोबाइल नंबर से लॉगिन करना होगा। उसके बाद 34 सवालों के जवाब भरने होंगे। ये सवाल मकान और परिवार से जुड़े हैं। कोई भी ऐसा सवाल नहीं है जो उलझाऊ हो। इस प्रक्रिया को पूरा करने पर 11 अंकों की एक आईडी मिल जाएगी। जब 22 मई के बाद जनगणना कर्मी घर पहुंचेंगे, तो उन्हें यह आईडी देनी होगी। जनगणना कर्मी भरी गई जानकारी का सत्यापन करने के बाद उसे ओके कर देंगे। भाजपा विधायक रामचंद्र यादव को हाईकोर्ट से राहत, 2012 में अयोध्या उपद्रव केस में मुकदमा खत्म करने की मंजूरी इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ पीठ ने भाजपा विधायक रामचंद्र यादव को बड़ी राहत दी है। कोर्ट ने अयोध्या के रुदौली इलाके में वर्ष 2012 में हुए उपद्रव प्रकरण में उनके खिलाफ चल रहे मुकदमे को वापस लेने की अनुमति दे दी। न्यायालय ने निचली अदालत के पूर्व के आदेश को रद्द करते हुए राज्य सरकार की अर्जी स्वीकार कर ली। न्यायमूर्ति राजीव सिंह की एकल पीठ ने विधायक की याचिका और राज्य सरकार की पुनरीक्षण याचिका पर एक साथ सुनवाई की। कोर्ट ने 16 दिसंबर 2022 को ट्रायल कोर्ट द्वारा दिए गए आदेश को खारिज करते हुए अभियोजन वापसी को मंजूरी प्रदान की। घटना 24 अक्टूबर 2012 की है। रुदौली थाना क्षेत्र में दुर्गा पूजा के बाद मूर्ति विसर्जन के दौरान भारी भीड़ जमा हो गई थी। भीड़ के कारण यातायात प्रभावित हुआ और इसी बीच दो पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया। स्थिति बिगड़ने पर पथराव और हिंसा हुईं, जिसमें पुलिसकर्मी भी घायल हुए। मामले में दर्ज एफआईआर में विधायक रामचंद्र यादव पर भीड़ को उकसाने और भड़काऊ बयान देने के आरोप लगाए गए थे। राज्य सरकार ने वर्ष 2020 में ही इस मामले में मुकदमा वापस लेने का निर्णय लिया था, लेकिन निचली अदालत ने इसे मंजूरी नहीं दी थी, जिसके बाद मामला हाईकोर्ट पहुंचा था। पढ़ें पूरी खबर… बारात के झगड़े में युवक की पीट-पीटकर हत्या; वाराणसी में सिर और चेहरा कूचा वाराणसी में बारात में हुए झगड़े में एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। हमलावरों ने पत्थर से उसका सिर और चेहरा कूच डाला। इसके बाद शव को सड़क किनारे फेंक कर भाग निकले। बुधवार को गांव वालों ने लाश देखी तो पुलिस को सूचना दी। घटना सिंधोरा थानाक्षेत्र की है। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार वाले मौके पर पहुंचे। धरना देते हुए रोड जाम कर दी। मृतक की पहचान रोहित राजभर (23) के रूप में हुई। वह चंदवक का रहने वाला था। 2 साल से सारनाथ के कस्तमपुरा में ननिहाल में रहकर पढ़ाई कर रहा था। युवक जौनपुर के घुरदौर गांव में दोस्त की शादी में गया था। पढ़ें पूरी खबर… सोनभद्र मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर की सड़क-हादसे में मौत, सह-नोडल अधिकारी के पद पर थे तैनात सोनभद्र के रॉबर्ट्सगंज क्षेत्र में बुधवार शाम एक सड़क हादसे में मेडिकल कॉलेज में तैनात डॉक्टर अनुभव मिश्र की मौत हो गई। वह बाइक से जा रहे थे, तभी एक अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसा जिला अस्पताल के पास लाइफ केयर हॉस्पिटल, लोढ़ी के सामने हुआ। टक्कर इतनी तेज थी कि डॉक्टर अनुभव मिश्र गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें तुरंत जिला अस्पताल के इमरजेंसी (एल-2) वार्ड में पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पढ़ें पूरी खबर…