राष्ट्रपति के लौटते ही शिमला में ट्रैफिक जाम:ढली से समिट्री टनल तक लगी वाहनों की कतारें; स्कूली बच्चे और लोग हुए परेशान

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के दिल्ली लौटते ही शिमला में ट्रैफिक जाम शुरू हो गया है। आज भी ढली से समिट्री टनल तक ट्रैफिक जाम ने स्कूली बच्चों, कामकाजी लोगों और आम जनता को परेशान किया। यहां पर सुबह 7 बजकर 35 मिनट पर ट्रैफिक जाम लग गया। समिट्री टनल से ढली पुलिस स्टेशन तक सड़क के दोनों ओर बेतरतीब पार्किंग तथा सब्जियों से लदी गाड़ियों की वजह से सैकड़ों लोगों को ट्रैफिक जाम से जूझना पड़ा। इससे स्टूडेंट्स अपने स्कूल और कामकाजी लोग समय पर दफ्तर नहीं पहुंच सके। आम जनता और सब्जियां लेकर ढली मंडी पहुंचे किसानों को भी काफी देर तक ट्रैफिक जाम से जूझना पड़ा। कई लोग व बच्चे पैदल चलकर स्कूल-दफ्तर पहुंचे। ढली सब्जी मंडी के आसपास पुलिस जवान तैनात किए जाएं इंद्रनगर निवासी आरती ठाकुर ने बताया कि ऐसे ट्रैफिक में बच्चों को स्कूल पहुंचाना मुश्किल हो गया है। उन्होंने एसपी शिमला से ढली सब्जी मंडी के आसपास रोजाना पुलिस जवान तैनात करने की मांग की है, क्योंकि यहां पर सब्जी मंडी की वजह से रोजाना ट्रैफिक जाम की स्थिति रहती है। ढली क्षेत्र में ट्रैफिक जाम की बड़ी वजह सब्जी मंडी भी है। इसलिए, मंडी के भीतर भी ट्रैफिक को रेगुलेट करने के लिए पुलिस जवान की तैनाती जरूरी है। पटरी से उतरी यातायात व्यवस्था 27 अप्रैल से एक मई तक राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शिमला के छराबड़ी में ठहरी हुई थीं, तो एक भी दिन ट्रैफिक जाम की स्थिति नहीं बनी। बीते शुक्रवार को राष्ट्रपति दिल्ली लौट गई हैं। उनके लौटते ही यातायात व्यवस्था पटरी से उतर गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *