रोहतक में बलेनो ने कई वाहनों को मारी टक्कर:पुरानी अनाज मंडी में फंसी, शराब के नशे में मिला ड्राइवर; साथी काबू

रोहतक जिले के झज्जर रोड से रेलवे रोड पर गाड़ियों को टक्कर मारते हुए एक बलेनो गाड़ी निकली, जिसका लोगों ने पीछा करके पुरानी अनाज मंडी में पकड़ लिया। सूचना पाकर सिटी थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कार ड्राइवर को पकड़कर ले गई, जबकि एक आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले में जांच कर रही है। बलेनो गाड़ी दोपहर के समय झज्जर रोड से निकली, जो आगे से क्षतिग्रस्त थी। गाड़ी को नशे में धुत गांव मदीना का एक युवक बलेनो चला रहा था। जिसके साथ एक अन्य युवक भी बैठा हुआ था। गाड़ी झज्जर रोड से निकलकर रेलवे रोड़ बाजार में घुसी और सामने आने वाली सभी गाड़ियों को टक्कर मारते हुए पुरानी अनाज मंडी में फंस गई। पुरानी अनाज मंडी में गाड़ी का पीछा कर रहे लोगों ने पकड़ लिया। इसी दौरान ड्राइवर सीट के बराबर में बैठा युवक खिड़की खोलकर भागने में कामयाब हो गया, जबकि ड्राइवर मौके पर ही पकड़ा गया। इसके बाद सिटी थाना पुलिस को सूचना दी गई। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को पकड़कर अपने साथ ले गई। रेपिडो बुक करके जा रहा था बाजार अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के सदस्य हरिओम पंडित ने बताया कि वह झज्जर रोड पर रेपिडो बुक करके बाजार की तरफ जा रहा था। इसी दौरान एक बलेनो गाड़ी आई और उसकी रेपिडो स्कूटी में टक्कर मारकर चली गई। टक्कर लगने के बाद उसने गाड़ी का पीछा करके वीडियो बनाया। पुरानी अनाज मंडी में फंसी गाड़ी हरिओम ने बताया कि गाड़ी रेलवे रोड़ बाजार में सामने आने वाली गाड़ियों में टक्कर मारते हुए अग्रसेन चौक से होते हुए पुरानी अनाज मंडी में जाकर फंस गई। गाड़ी आगे से पूरी तरह क्षतिग्रस्त थी। गाड़ी में दो युवक बैठे हुए थे, जिसमें से एक फरार हो गया। जबकि गाड़ी चलाने वाले युवक को पकड़ लिया। पुलिस मामले में कर रही जांच सिटी थाना एसएचओ रमेश ने बताया कि बाजार में गाड़ियों को टक्कर मारते हुए एक गाड़ी जा रही थी, जिसके ड्राइवर को सूचना मिलने के बाद पकड़ा गया है। पुलिस पकड़े गए युवक से पूछताछ कर रही है। जल्द ही मामले के बारे में पूरी जानकारी दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *