पटियाला में पिता ने की बेटी की हत्या:चोरी छिपे संस्कार, 3 साल से अलग रह रही पत्नी, वापस आने का बना रहा था दबाव

पंजाब के राजपुरा के नजदीकी गांव अलीपुर में एक बाप ने अपनी मासूम बेटी का कत्ल कर चुपचाप उसका अंतिम संस्कार भी कर दिया। बेटी की उम्र 15 साल थी। जानकारी के अनुसार पति व पत्नी के बीच लंबे समय से झगड़ा चल रहा था और दोनों अलग-अलग रहते हैं। पति ती साल से अलग रह रही पत्नी को वापस बुलाने के लिए उस पर दबाव डाल रहा था। उसने पत्नी को कई बार बेटी को जान से मारने की धमकी भी दी। पत्नी उसके बाद भी वापस नहीं आई तो उसने अब बेटी की हत्या कर दी। मां को बेटी की हत्या का पता तब चला जब उसे गांव में से किसी ने फोन करके सूचना दी। उसने बताया कि जब वो मौके पर पहुंची तब तक आरोपियों ने मिलकर उसका संस्कार भी कर दिया। महिला का आरोप है कि उसके पति व परिवार ने मिलकर बेटी की हत्या की और उसे फंदे से लटकाया है। घटना 26 अप्रैल सुबह की है। लखविंदर कौर ने बताया कि आरोपियों ने सुबह उसकी बेटी मनिंदर कौर को मारा और फिर फंदे से लटका दिया। आरोपियों ने पुलिस को कोई सूचना नहीं दी और बिना पोस्टमार्टम के संस्कार कर दिया। लखविंदर कौर ने पुलिस को शिकायत दी और पुलिस ने आरोपी पिता परमजीत सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। इसके अलावा पुलिस इस मामले में जांच कर रही है कि हत्या में और कौन कौन शामिल था। पति-पत्नीके बीच विवाद व बेटी की हत्या की पूरी कहानी… पति पत्नी में लड़ाई हुई: महिला लखविंदर कौर ने बताया कि उसके दो बच्चे हैं। एक बेटी और एक बेटा। उसका पति उसे बहुत परेशान करता था और मारपीट करता था। इसलिए वो तीन साल पहले अपने बच्चों को लेकर मायके चले गई। दोनों बच्चों को वहीं पर पाल रही थी। डेढ़ साल पहले बेटी अपने पास लाया: लखविंदर कौर ने बताया कि जब वो अलग हुए तो उसके बाद भी उसका पति उसे टॉर्चर करता रहा। डेढ़ साल पहले उसने कहा कि दो बच्चों में से एक बच्चा मुझे दे दे। वो बेटी को लेकर अपने साथ आ गया। उसने बताया कि वो बार बार मना करती रही फिर भी बेटी को अपने पास लाया। पहले तलाक के लिए धमकी दे रहा था: महिला ने बताया कि उसका पति पहले उसे तलाक देने के लिए धमकी दे रहा था। जब उसने तलाक देने से मना किया तो वह बेटी को अपने पास लाया। अब करीब एक साल से उसे वापस बुलाने का दबाव डाल रहा था। महिला का कहना है कि उसका व्यवहार ठीक नहीं था इसलिए वो वापस नहीं आई। पति ने 15 दिन पहले दी थी हत्या की धमकी: लखविंदर कौर ने बताया कि उसका पति उसे बार-बार वापस न आने पर मारने की धमकी देता था। 15 दिन पहले वो उससे मिली तो पति ने उसे धमकी दी कि अगर तू वापस नहीं आए तो वह उसे मार देगा या फिर बेटी की हत्या कर देगा। महिला का कहना है कि वो वापस नहीं आई तो उसने बेटी की हत्या कर दी। मुझे बताए बगैर कर दिया अंतिम संस्कार: लखविंदर कौर ने बताया कि 26 अप्रैल को सुबह के समय पति व उसके परिवार ने बेटी की हत्या की और उसे फंदे पर टांग दिया। पड़ोस में रहने वाले लोगों ने बेटी को फंदे से उतारा और उन्हें बताया। उसके बाद पति व उसके परिवार ने बेटी का बिना पोस्टमार्टम के अंतिम संस्कार कर दिया और उन्हें बताया तक नहीं। सूचना मिली तो वहां पहुंची, पुलिस बुलाई: लखविंदर कौर का कहना है कि जब उसे सूचना मिली तो वो करीब 1 बजे वहां पहुंची। जब उसने पति, ससुर व अन्य लोगों से बेटी की मौत का कारण पूछा तो किसी ने कुछ नहीं बताया। उसे तब तक एक व्यक्ति ने बता दिया था कि बेटी की हत्या करके उसे फंदे से लटकाया है। उसका आरोप है कि पूरा परिवार बेटी की हत्या में शामिल था। हत्यारोपी पिता गिरफ्तार : थाना खेड़ी गड़ियां पुलिस का कहना है कि मां की शिकायत पर पिता के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर दिया है बाकी अन्य लोगों की भी जांच की जा रही है। उनका कहना है कि आसपास के लोगों के भी बयान लिए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *