लेह लद्दाख ट्रिप से वापस लौट रहे छात्रों से लूट:लुधियाना में थाने के सामने बदमाशों ने छीना iPhone, विरोध करने पर चाकू मारा

लुधियाना में मध्यप्रदेश के ग्वालियर से लेह लद्दाख ट्रिप पर निकले छात्रों के साथ लूटपाट हो गई। छात्र लेह से वापस आ रहे थे। थाना साहनेवाल के सामने स्थित ब्रदर्स ढाबे के पास एक्टिवा सवार दो बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। विरोध करने पर एक छात्र की बाजू पर चाकू मार दिया और iPhone 15 छीनकर फरार हो गए। घायल युवक को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी बाजू पर टांके लगाए गए। पीड़ित विशाल ने बताया कि वह अपने दोस्तों रवि गुर्जर, रोहित और विश्वनाथ के साथ करीब 6 दिन पहले मध्यप्रदेश से लेह-लद्दाख घूमने निकले थे। देर रात (10 मई) वह लोग साहनेवाल इलाके में ब्रदर्स ढाबे के पास रेस्ट करने के लिए रुके थे। जैसे ही वह गाड़ी से नीचे उतरे, तभी सफेद एक्टिवा पर आए दो युवकों ने उन्हें घेर लिया। विशाल के मुताबिक बदमाशों ने पहले पैसे मांगने शुरू किए। जब उन्होंने विरोध किया तो एक बदमाश ने रवि गुर्जर की बाजू पर चाकू मार दिया। इसके बाद आरोपियों ने हाथ से iPhone 15 छीन लिया और मौके से फरार हो गए। घायल छात्र की बाजू पर लगे टांकें घायल रवि को तुरंत सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी बाजू पर टांके लगाए। छात्रों का आरोप है कि जब वे शिकायत लेकर थाना साहनेवाल पहुंचे तो नाइट ड्यूटी पर मौजूद पुलिस कर्मी ने कहा कि इलाके में ऐसी घटनाएं आम हैं। हालांकि पुलिस ने शिकायत दर्ज कर ली और मोबाइल ट्रेस होने पर जानकारी देने की बात कही। दोनों हमलावर नशे की हालत में थे पीड़ित छात्रों ने बताया कि घटना के बाद वे इलाके के विधायक हरदीप सिंह मुंडिया से भी मिले, जिन्होंने उनकी मदद की, लेकिन स्थानीय पुलिस से उन्हें सहयोग नहीं मिला। रोहित ने बताया कि जब बदमाशों ने उन्हें पकड़ने की कोशिश की तो उसने एक आरोपी को धक्का देकर खुद को बचाया। छात्रों का दावा है कि दोनों हमलावर नशे की हालत में थे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *