फरीदाबाद के सेक्टर-29 में एक 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। इस पूरी घटना का एक सीसीटीवी भी सामने आया है। पीड़ित परिवार ने पड़ोस में रहने वाली एक महिला पर हमला करने का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के समय पैदल घर लौट रही थी महिला जानकारी के अनुसार सेक्टर-29 के मकान नंबर 678 में रहने वाली बुजुर्ग महिला रेखा तुली रविवार शाम करीब 6:15 बजे ओल्ड फरीदाबाद से पैदल अपने घर लौट रही थीं। आरोप है कि इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले एक एडवोकेट की बेटी ने उन्हें रास्ते में रोक लिया और अचानक उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। परिजनों का आरोप है कि आरोपी महिला ने बुजुर्ग रेखा तुली को एक-दो नहीं बल्कि 10 से 12 थप्पड़ मारे, जिससे वह सड़क पर गिर गईं और उन्हें चोट भी आई। पहले भी कर चुकी है मारपीट पीड़ित परिवार का कहना है कि आरोपी महिला पहले भी कई बार इसी तरह विवाद कर चुकी है। इस संबंध में पहले भी पुलिस चौकी सेक्टर-28 में शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन हर बार आरोपी महिला द्वारा माफी मांगने के कारण मामला समझौते में खत्म कर दिया जाता था। परिवार का आरोप है कि बार-बार समझौता होने से आरोपी के हौसले और बढ़ गए। पानी की पाइप लाइन को लेकर हुआ विवाद परिजनों के मुताबिक घटना वाले दिन सुबह इलाके में एक पानी की पाइपलाइन फट गई थी, जिससे सड़क पर पानी बहने लगा था। पड़ोसियों की शिकायत पर पानी बंद करवा दिया गया और प्लंबर बुलाकर पाइपलाइन को ठीक भी करा दिया गया। इसके बावजूद आरोपी महिला इस बात को लेकर गाली-गलौज करने लगी और शाम को मौका मिलते ही बुजुर्ग महिला पर हमला कर दिया। पीडित बोले महिला के पिता वकील बुजुर्ग महिला के बेटे कुनाल तुली ने बताया कि उनकी मां के दोनों पैरों का कुछ समय पहले ही रिप्लेसमेंट ऑपरेशन कराया गया था। ऐसे में मारपीट की वजह से उनकी सेहत को गंभीर खतरा हो सकता था। उन्होंने बताया कि पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में साफ तौर पर रिकॉर्ड हुई है। पुलिस बोली जांच कर रहे परिवार का आरोप है कि हमलावर महिला के पिता पेशे से एडवोकेट हैं और सत्ता पक्ष से जुड़े हुए हैं, जिसके कारण अब तक उसके खिलाफ कोई सख्त कार्रवाई नहीं हुई है। वहीं सेक्टर-31 थाना प्रभारी विवेक मलिक ने बताया कि दोनों पड़ोसी हैं और दोनों पक्षों की ओर से शिकायत मिली है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।