शादी से मना करने पर गन पॉइंट पर प्रेमी ने युवती का किया अपहरण

लुधियाना| शादी का प्रस्ताव ठुकराने पर बौखलाए आशिक ने साथियों संग मिलकर 29 वर्षीय युवती का गन पॉइंट पर अपहरण कर लिया। आरोपी युवती को उसकी कार समेत अगवा कर फरार हो गए। थाना जमालपुर पुलिस को दी शिकायत में जोगिंदर सिंह ने बताया कि उसकी बड़ी बहन यशविंदर कौर 13 मई की रात करीब साढ़े आठ बजे अपनी फोर्ड फिगो कार नंबर PB-23-K-2735 में बाजार से राशन और घरेलू सामान लेने गई थी। काफी देर तक घर वापस न लौटने पर परिवार ने उसकी तलाश शुरू की। जांच के दौरान परिवार को पता चला कि यशविंदर कौर की पहचान सुखविंदर सिंह उर्फ सुक्खा निवासी गांव भलूर, जिला मोगा के साथ थी। आरोपी उससे शादी करना चाहता था, लेकिन युवती ने रिश्ता ठुकरा दिया था। इसी रंजिश में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। शिकायत के मुताबिक आरोपी ने रास्ते में युवती को घेर लिया और पिस्तौल की नोक पर उसे तथा उसकी कार को अगवा कर ले गए। पुलिस ने मुख्य आरोपी सुखविंदर सिंह उर्फ सुक्खा, कर्मजीत सिंह और कुछ अज्ञात साथियों के खिलाफ अपहरण व जान से मारने की धमकी देने समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी परमजीत सिंह ने बताया कि युवती की सुरक्षित बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *