शिमला की ढली सब्जी मंडी में ट्रैफिक जाम:टैक्सियों का इंतजार करते रहे बच्चे, देरी से स्कूल पहुंचे; अवैध पार्किंग ने बढ़ाई परेशानी

हिमाचल की राजधानी शिमला के उप नगर ढली में लगातार बढ़ती ट्रैफिक समस्या अब आम लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन चुकी है। गुरुवार को एक बार फिर सुबह करीब 7:15 बजे से ढली सब्जी मंडी के पास लंबा ट्रैफिक जाम लग गया, जिससे स्कूली बच्चों, नौकरी पेशा लोगों और आम जनता को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। ढली से टैक्सियों के माध्यम से शिमला शहर के अलग अलग स्कूलों को जाने वाले बच्चे सड़क किनारे लंबे समय तक टैक्सी का इंतजार करते रहे। टैक्सी मिलने पर जाम में फंसे रहे। इससे अधिकतर बच्चे देरी से स्कूल पहुंचे। वहीं नौकरीपेशा लोग भी समय पर अपने ऑफिस नहीं पहुंच सके। रोजाना लगने वाले इस जाम से स्थानीय लोगों में प्रशासन के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ढली क्षेत्र में ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह पटरी से उतर चुकी है। ऐसे में की बार एंबुलेंस भी नहीं निकल पाती। ढली सब्जी मंडी के जाम के कारण न केवल शहरवासी बल्कि अप्पर शिमला और सुन्नी-करसोग साइड से शिमला आने वाले लोगों को भी परेशानी झेलनी पड़ रही है। इन 2 वजह से ट्रैफिक जाम ट्रैफिक जाम के पीछे 2 मुख्य कारण बताए जा रहे हैं। पहला- ढली सब्जी मंडी में रोजाना बड़ी संख्या में सब्जियों से भरे वाहनों का पहुंचना और दूसरा- समिट्री टनल से ढली चौक तक सड़क के दोनों ओर अवैध पार्किंग। सड़क किनारे खड़े वाहनों के कारण सड़क संकरी हो जाती है, जिससे यातायात पूरी तरह प्रभावित हो रहा है। ट्रैफिक जाम से निपटने को प्रभावी कदम उठाने की मांग इंद्रनगर निवासी आरती ठाकुर ने प्रशासन और पुलिस से मांग की है कि ढली से संजौली चौक तक ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारा जाए। उन्होंने कहा कि ढली सब्जी मंडी के पास रोजाना के लिए जल्द प्रभावी कदम उठाए जाएं, ताकि रोजाना हजारों लोगों को हो रही परेशानी से राहत मिल सके। राष्ट्रपति के आने पर पार्क सभी गाड़ियां हटा दी गई थी बता दें कि बीते दिनों जब राष्ट्रपति शिमला दौरे पर थीं, सड़क किनारे पार्क सभी गाड़ियां हटा दी गई थी। उस दौरान एक सप्ताह तक कोई जाम नहीं लगा। उनके लौटने के बाद से ही निरंतर जाम की स्थिति बनी हुई है। समिट्री टनल से ढली चौक तक दोनों ओर अवैध पार्किंग को रोककर ट्रैफिक जाम से कुछ हद तक राहत दिलाई जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *