सोनीपत में कॉलेज छात्रा और युवक को कुचलने का वीडियो:भागने की कोशिश कर रहे ड्राइवर की धुनाई; लड़की की मौके पर हुई थी मौत

सोनीपत में एक दिल दहला देने वाले सड़क हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में एक तेज रफ्तार ट्रक ड्राइवर सड़क किनारे पैदल जा रहे युवक और कॉलेज छात्रा पर ट्रक चढ़ाता हुआ दिखाई दे रहा है। एक्सीडेंट इतना भयावह था कि छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। वीडियो में हादसे के बाद लोगों द्वारा ट्रक ड्राइवर पीटने और उसे पकड़ने का पूरा घटनाक्रम भी कैद हुआ है। बताया जा रहा है कि यह हादसा 14 मई को हुआ था और अब इसका लाइव वीडियो सामने आने के बाद लोगों में भारी आक्रोश है। वहीं इस वीडियो में मौके पर ड्राइवर को पकड़कर उसकी धुनाई करते दिख रहे हैं। वायरल वीडियो में क्या दिखाई दे रहा… सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि एक युवक और कॉलेज स्टूडेंट सड़क किनारे पैदल चल रहे हैं। तभी पीछे से तेज रफ्तार ट्रक आता है। ट्रक पहले युवक को टक्कर मार देता है। युवक ट्रक के पिछले पहिए से टच होकर सड़क किनारे गिर जाता है। इसके तुरंत बाद ट्रक आगे चल रही कॉलेज छात्रा मानसी को कुचल देता है। वीडियो में हादसे के दौरान छात्रा की जोरदार चीख सुनाई देती है, जिसके बाद आसपास अफरा-तफरी मच जाती है। मौके पर मौजूद अन्य वाहन ड्राइवर और राहगीर तुरंत छात्रा के पास पहुंचते हैं और उसे उठाने की कोशिश करते हैं, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी होती है। हादसे के बाद लोगों ने ड्राइवर को पकड़ा वीडियो में आगे दिखाई देता है कि हादसे के कुछ दूरी बाद ही ट्रक ड्राइवर को पकड़ लिया जाता है। ड्राइवर पहले छात्रा के पास आता है और फिर घायल युवक की तरफ जाता दिखाई देता है। इसी दौरान एक युवक, जिसने ऑरेंज रंग की शर्ट पहन रखी थी, गुस्से में हाथ में डंडा लेकर ड्राइवर के पास पहुंचता है और उस पर हमला कर देता है। वीडियो में लोग ड्राइवर से कहते सुनाई दे रहे हैं कि “तूने लड़की मार दी” और उससे उसका पता पूछ रहे हैं। ड्राइवर हाथ जोड़कर खड़ा दिखाई देता है। वहीं कुछ लोग मौके पर पड़े छात्रा के मोबाइल फोन से उसके परिजनों से संपर्क करने की कोशिश भी करते नजर आते हैं। पकड़े गए ड्राइवर की धुनाई की तस्वीरें देखिए… जानिए… परिजनों ने पुलिस को क्या शिकायत दी थी… कॉलेज से घर लौट रही थी मानसी मृतक छात्रा की पहचान 21 वर्षीय मानसी के रूप में हुई है। मानसी गांव कमासपुर की रहने वाली थी और मुरथल स्थित छोटूराम कॉलेज में पढ़ाई करती थी। मामले में मानसी के ताऊ कप्तान सिंह ने पुलिस को शिकायत दी है। शिकायत के अनुसार, 14 मई को मानसी कॉलेज से वापस अपने गांव लौट रही थी। कमासपुर पुल के पास उसके ताऊ कप्तान सिंह उससे मिले, जिसके बाद दोनों पैदल गांव की ओर चल पड़े। फौजी टेंट हाउस के पास हुआ हादसा कप्तान सिंह ने बताया कि जब वे दोनों फौजी टेंट हाउस के पास पहुंचे तो पीछे से तेज रफ्तार कैंटर आया। आरोप है कि ड्राइवर ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए सड़क किनारे कच्चे रास्ते पर चल रही मानसी को टक्कर मार दी। हादसे में छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई। डॉक्टरों ने मृत घोषित किया हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों की मदद से घायल मानसी को तुरंत सरकारी अस्पताल सोनीपत पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। छात्रा की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। गाड़ी का नंबर नोट कर पुलिस को दी शिकायत मानसी के ताऊ कप्तान सिंह ने बताया कि हादसे के दौरान उन्होंने कैंटर का नंबर HR-55AG-2384 नोट कर लिया था। शिकायत में उन्होंने आरोप लगाया कि ड्राइवर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चला रहा था, जिसकी वजह से यह दर्दनाक हादसा हुआ। उन्होंने आरोपी ड्राइवर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने दर्ज किया केस घटना की सूचना डायल-112 के माध्यम से थाना बहालगढ़ पुलिस को मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 और 106 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ड्राइवर को पकड़ लिया गया था और उसके खिलाफ आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *