हरियाणा के सरकारी स्कूलों में अब विद्यार्थियों को जर्मन भाषा सीखने का अवसर मिलेगा। स्कूल शिक्षा विभाग हरियाणा ने जर्मन एंबेसी के सहयोग से सरकारी स्कूलों में जर्मन भाषा को वैकल्पिक विषय के रूप में शुरू करने की तैयारी की है। इसके लिए विभाग ने इच्छुक शिक्षकों से ऑनलाइन एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट (EOI) मांगे हैं। शिक्षा विभाग द्वारा जारी पत्र के अनुसार यह कार्यक्रम सरकारी स्कूलों में भविष्य में जर्मन भाषा शिक्षा लागू करने और प्रशिक्षित शिक्षकों का पूल तैयार करने के उद्देश्य से शुरू किया गया है। विभाग ने इसके लिए MIS पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। विभाग की ओर से जारी निर्देशों के मुताबिक PGT अंग्रेजी, TGT सोशल स्टडीज और TGT अंग्रेजी शिक्षक इस कार्यक्रम के लिए आवेदन कर सकेंगे। आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे। विभाग ने स्पष्ट किया है कि EOI भरने मात्र से चयन की गारंटी नहीं होगी। 20 मई तक कर सकेंगे आवेदन विभाग ने पात्र शिक्षकों से 20 मई 2026 तक आवेदन करने की अपील की है। आवेदन के दौरान शिक्षकों को जर्मन या अन्य विदेशी भाषाओं से संबंधित किसी भी प्रमाणपत्र या कोर्स की जानकारी भी देनी होगी।
शिक्षकों को मिलेगा प्रशिक्षण चयनित शिक्षकों को जर्मन भाषा का विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके बाद चरणबद्ध तरीके से सरकारी स्कूलों में जर्मन भाषा की पढ़ाई शुरू करवाई जा सकती है। शिक्षा विभाग का मानना है कि विदेशी भाषाओं की जानकारी से विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा और रोजगार के नए अवसर खुलेंगे।