हरियाणा में नगर निकाय चुनाव के लिए आज से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। राज्य चुनाव आयोग (SEC) द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार उम्मीदवार 21 अप्रैल से 25 अप्रैल तक अपने नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। 7 नगर निकायों के आम चुनाव और पंचायती राज के 528 पदों पर उपचुनाव होने हैं। सोनीपत-पंचकूला, अंबाला नगर निगम, रेवाड़ी नगर परिषद, उकलाना, धारूहेड़ा व सांपला नगर पालिका में 10 मई को वोटिंग होनी है।
13 मई को रिजल्ट आएगा। चुनाव आयुक्त के मुताबिक पानीपत और करनाल जिला परिषद के 1-1 वार्ड, 12 ब्लॉक समिति सदस्यों, 29 सरपंच, 485 पंच पदों के लिए वोटिंग भी 10 मई को होगी। उसी दिन वोटों की गिनती करके नतीजे घोषित हो जाएंगे। 27 अप्रैल नाम वापसी के लिए डेट तय की गई है।
25 अप्रैल तक भर सकेंगे नामांकन
राज्य चुनाव आयोग के अनुसार नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 25 अप्रैल निर्धारित की गई है। इसके बाद नामांकन पत्रों की जांच और वापसी की प्रक्रिया पूरी की जाएगी, जबकि 28 अप्रैल को प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे।
निकाय चुनाव के लिए मतदान 10 मई को कराया जाएगा, जबकि मतगणना 13 मई को होगी। चुनाव प्रक्रिया की घोषणा के साथ ही संबंधित क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता पहले ही लागू की जा चुकी है।