हांसी में विवाहिता ने किया सुसाइड:कमरे में लटका मिला शव, एक साल के बेटे की मां, ढाई साल पहले हुई शादी

हांसी जिले के गांव जमावड़ी में एक 25 वर्षीय विवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान प्रीति के रूप में हुई है, जो एक साल के बच्चे की मां थी। घटना के बाद मायके पक्ष ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और मारपीट करने का आरोप लगाया है। प्रीति के पिता ओमप्रकाश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्होंने अपनी बेटी प्रीति की शादी 29 नवंबर 2023 को गांव जमावड़ी निवासी सोनू से की थी। शिकायत के अनुसार, शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग प्रीति को दहेज के लिए परेशान करते थे और उसके साथ मारपीट करते थे। पांच लाख की मांग के लिए विवाहिता से मारपीट शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि मार्च में ससुराल पक्ष ने 5 लाख रुपए की मांग करते हुए प्रीति के साथ मारपीट की थी। इसके बाद 10 अप्रैल की शाम करीब 6 बजे परिवार को सूचना मिली कि प्रीति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। परिजन जब मौके पर पहुंचे तो प्रीति का शव पंखे से लटका हुआ मिला। सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। फोरेंसिक टीम को बुलाकर आवश्यक साक्ष्य जुटाए गए। इसके बाद शव को हांसी के सामान्य अस्पताल की मोर्चरी में पोस्टमार्टम के लिए रखवाया गया। पति समेत 6 के खिलाफ केस दर्ज पुलिस ने मृतका के पिता की शिकायत के आधार पर पति सोनू, जेठ अनूप, ननद रीना, ननद बर्फी, ससुर रामकुमार और जेठानी सोनम सहित छह लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दूसरी ओर, ससुराल पक्ष का कहना है कि मृतका का पति सोनू रोहतक में एक निजी कंपनी में काम करता है और ससुर लकवाग्रस्त हैं। जेठ फरीदाबाद में अपने परिवार के साथ रहते हैं। ससुराल पक्ष के अनुसार, घटना के समय घर में अन्य सदस्य मौजूद नहीं थे। बताया जा रहा है कि प्रीति हांसी क्षेत्र के एक निजी स्कूल में अध्यापिका के रूप में कार्यरत थी। शनिवार सुबह से ही सामान्य अस्पताल में दोनों पक्षों के लोग एकत्रित हो गए और समझौते के प्रयास भी चलते रहे। सदर थाना प्रभारी पवित्र सिंह का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *