हिमाचल में कल से गर्मी का प्रकोप बढ़ेगा:21 मई तक खिलेगी धूप, तापमान में 5॰C तक उछाल आएगा, आज 4 जिलों में येलो अलर्ट

हिमाचल प्रदेश में अब गर्मी का प्रकोप बढ़ेगा। बीते पांच दिनों के दौरान कुछेक भागों में हल्की बूंदाबांदी के बाद कल से धूप खिलेगी। मौसम विभाग के अनुसार- 21 मई तक मौसम पूरी तरह साफ रहेगा। इस दौरान तापमान में चार से पांच डिग्री का उछाल आएगा। राज्य के मैदानी इलाकों में गर्मी का असर दिखना शुरू हो गया है। ऊना का अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। हालांकि, यह अभी सामान्य से 1.7 डिग्री कम है। बीते चार दिनों के दौरान आसमान में बादल छाए रहने और कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश के कारण कई शहरों का तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ था, लेकिन अब मौसम साफ होने के बाद इसमें तेजी से उछाल आएगा। आज 4 जिलों में तूफान की चेतावनी मौसम विभाग ने आज कुछेक क्षेत्रों में हल्की बारिश की संभावना जताई है। विभाग की ओर से चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी जिला में आंधी-तूफान को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। हालांकि, पिछले पांच दिनों से लगातार अलर्ट जारी किए जा रहे हैं। विशेषकर 12 व 13 मई भारी ओलावृष्टि-तूफान का ऑरेंज अलर्ट था। मगर इस दौरान भी अधिकांश भागों में धूप खिली रही। मई में सामान्य से 13 फीसदी ज्यादा बरसे बादल मौसम विभाग के अनुसार- मई महीने में अब तक सामान्य से 13 फीसदी अधिक बारिश दर्ज की गई है। यही वजह रही कि इस बार मई के मध्य तक भी प्रदेश में लोगों को गर्मी का एहसास नहीं हुआ। लेकिन आने वाले दिनों में लगातार धूप खिलने से मैदानी और मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में गर्मी बढ़ने लगेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *