हिमाचल में BJP विधायक आशीष के चाचा-भाई गिरफ्तार:सुप्रीम कोर्ट से भी राहत नहीं, CJM कोर्ट में किया सरेंडर; एक दिन का पुलिस रिमांड मिला

हिमाचल प्रदेश में हमीरपुर से BJP विधायक आशीष शर्मा के चाचा और भाई को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। स्टोन क्रशर से जुड़े कथित अवैध खनन और रिकॉर्ड में गड़बड़ी मामले में सुप्रीम कोर्ट से जमानत याचिका खारिज होने के बाद दोनों ने आज सीजेएम कोर्ट में सरेंडर किया। कोर्ट ने दोनों को एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है। कल दोनों को फिर से कोर्ट में पेश किया जाएगा। इससे पहले, हिमाचल हाईकोर्ट भी इनकी जमानत याचिका खारिज कर चुका है। इसके बाद दोनों ने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया था, लेकिन वहां से भी उन्हें कोई राहत नहीं मिली और चार सप्ताह के भीतर सरेंडर करने को कहा गया था।सुप्रीम कोर्ट की डेडलाइन आज खत्म हो रही थी। लिहाजा दोनों आरोपी उमेश शर्मा और प्रवीण कुमार अदालत में पेश हुए और आत्मसमर्पण कर दिया। क्या है पूरा मामला? यह पूरा मामला स्टोन क्रशर संचालन में कथित अवैध खनन और दस्तावेजी अनियमितताओं से जुड़ा है। जांच के दौरान पुलिस ने एसपी के नेतृत्व में संबंधित क्रशर यूनिट्स पर छापेमारी की थी। इस दौरान सीसीटीवी फुटेज और अन्य डिजिटल रिकॉर्ड जब्त किए गए थे, जो जांच में महत्वपूर्ण साक्ष्य माने जा रहे हैं। अवैध खनन में चार आरोपी, दो को सुप्रीम कोर्ट से राहत इस केस में कुल चार आरोपी शामिल थे, जिनमें से दो को सुप्रीम कोर्ट से राहत मिल चुकी है, जबकि विधायक के चाचा और भाई को अदालत से राहत नहीं मिली। पुलिस द्वारा पेश किए गए साक्ष्यों के आधार पर ही उनकी जमानत याचिकाएं लगातार खारिज होती रही हैं। अगस्त 2025 का है मामला यह मामला अगस्त 2025 में दर्ज किया गया था और जांच के बाद नवंबर में रिपोर्ट हाईकोर्ट में प्रस्तुत की गई थी। दिसंबर में हाईकोर्ट ने सभी आरोपियों की जमानत खारिज कर दी थी, जिसके बाद मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा। सुजानपुर में दर्ज है मामला एसपी हमीरपुर बलवीर सिंह ठाकुर ने बताया कि अवैध खनन मामला सुजानपुर में दर्ज है। दोनों आरोपियों को सुप्रीम कोर्ट से सरेंडर करने के लिए चार सप्ताह का समय दिया गया था, जो आज पूरा हो रहा था। इसके बाद दोनों ने सीजेएम कोर्ट में सरेंडर किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *