110 की स्पीड में ट्रक ने ऑटो को उड़ाया,6 मौतें:खगड़िया में सड़क पर बिखरीं लाशें; गाड़ी में फंसी 3 बॉडी, मृतकों में 5 महीने का बच्चा

खगड़िया में सोमवार को सड़क हादसे में 6 लोगों की मौत हुई है। 5 लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसा मानसी थाना क्षेत्र अंतर्गत NH-31 पर हुआ। बताया जा रहा है कि ट्रक की स्पीड 110Kmph थी। ठठा गांव के पास पहले ट्रक ने ऑटो को टक्कर मारी, इसके बाद ट्रक पिकअप में जा घुसा। ट्रक की स्पीड इतनी थी कि थोड़ी दूर खड़ी टाटा सफारी को भी उड़ा दिया। टक्कर के बाद ऑटो में बैठे सभी लोग दूर सड़क पर फेंका गए। मृतक में स्वाति कुमारी (14) , 2 महिलाएं, एक 5 महीने का बच्चा, एक लड़का (25) और एक अधेड़ है। सबसे पहले मौके से आई 3 तस्वीरें देखिए… अब सिलसिलेवार तरीके से जानिए पूरा घटनाक्रम… टक्कर लगते ही ऑटो के परखच्चे उड़ गए प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा दोपहर करीब 2 बजे हुआ। ऑटो सवार लोग किसी काम से जा रहे थे। इसी दौरान NH-31 पर ठठा के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़े। कई लोग ऑटो में बुरी तरह फंसे हुए थे। स्थानीय लोगों ने बताया कि कुछ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि अन्य गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर तड़प रहे थे। हादसे के बाद सड़क पर बिखरीं लाशें हादसे के वक्त मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि ट्रक की स्पीड बहुत ज्यादा थी। ऑटो को टक्कर लगते ही लोग सड़क पर फेंका गए। सड़क पर लाशें पड़ी थीं। घायल दर्द के मारे कराह रहे थे। कुछ लोग 10 से 20 फीट दूर सड़क के नीचे जा गिरे। आसपास के लोगों की मदद से सभी को रेक्स्यू किया गया। तब तक पुलिस भी पहुंच गई। घायल लड़की रहमतुन खातून ने बताया, “मैं अकेले खगड़िया बैंक के काम से आई थी। काम खत्म होने के बाद घर लौट रही थी। शेयरिंग ऑटो में करीब 11 लोग सवार थे। चार लोग आगे, चार बीच में और तीन पीछे बैठे थे। मैं भी बीच वाली सीट पर बैठी थी।” मेरे सामने 3 लोगों की लाशें पड़ी थीं प्रत्यक्षदर्शी विक्रम कुमार ने बताया, सबसे पहले तेज रफ्तार ट्रक ने ऑटो को टक्कर मारी। इसके बाद टाटा सफारी से टकराया और फिर भागने के दौरान पिकअप में जा घुसा। अगर पिकअप में गाड़ी नहीं फंसती तो ट्रक ड्राइवर गाड़ी लेकर भाग जाता। हमने घटनास्थल पर 3 लोगों की लाशें देखीं। उसके शरीर के आधे से ज्यादा हिस्से कुचल चुके थे। तीनों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। इनमें दो महिलाएं और एक बच्चा शामिल था। वहीं, चार अन्य घायलों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया। हादसे के तुरंत बाद आसपास के लोग मदद के लिए दौड़ पड़े। कई घायलों को स्थानीयों ने खुद बाहर निकालकर एंबुलेंस तक पहुंचाया। कुछ लोग ऊपर दबे हुए थे, जिन्हें बाद में एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया। मौके का सीन समझिए ट्रक से टकराने के बाद ऑटो सड़क के किनारे जा गिरा। ऑटो का अगला हिस्सा पूरी तरह से साफ हो गया। 2 लोगों की बॉडी ऑटो के अंदर मिली। 3 के शव सड़क पर बिखरे थे। 2 लोगों की लाशें झाड़ियों में पड़ी थी। ऑटो के अंदर बैठे 3 लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। किसी के सिर तो किसी के पैर से खून निकल रहा था। एक घायल के पैर में ऑटो का सरिया लगा हुआ था। सड़क के एक साइड में ट्रक खड़ा जिससे ये हादसा हुआ। थोड़ी दूर पर पिकअप था। उसका भी आगे का हिस्सा बुरी तरह डैमेज हुआ है, लेकिन उसमें बैठे कोई शख्स हादसे में हताहत नहीं हुआ है। टाटा सफारी भी थोड़ी क्षतिग्रस्त हुई है, लेकिन गनीमत रही कि उसमें बैठा कोई हादसे का शिकार नहीं हुआ। ड्राइवर को मामूली चोटें आई हैं। बढ़ सकती है मृतकों की संख्या हादसे के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने क्षतिग्रस्त ऑटो से घायलों को बाहर निकाला और तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज जारी है। आशंका जताई जा रही है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। लोगों ने की NH-31 पर गाड़ियों की स्पीड कम करने की मांग स्थानीय लोग हादसे को लेकर दुख और आक्रोश जता रहे हैं। लोगों का कहना है कि NH-31 पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण लगातार हादसे हो रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद सड़क सुरक्षा को लेकर प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से NH-31 पर सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और तेज रफ्तार वाहनों पर सख्ती से नियंत्रण लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। घटना की सूचना मिलते ही मानसी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। ट्रक चालक की पहचान और वाहन को कब्जे में लेने की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *