45 प्लस पुलिसकर्मियों की नहीं लगेगी नाकों पर ड्यूटी:हिसार के ADGP ने जारी की एडवाइजरी, दोपहर में नहीं होगी नाकाबंदी

फतेहाबाद में ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मी की मौत के बाद हिसार रेंज के एडीजीपी ने बड़ा फैसला लिया है। उन्होंने पुलिस कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर नाकाबंदी, ड्यूटी और सुविधाओं को लेकर नई एडवाइजरी जारी की है। एडीजीपी केके राव ने रेंज के सभी जिलों के एसपी को लेटर लिखा है। जिसमें 45 साल से ज्यादा उम्र के पुलिसकर्मियों की पुलिस नाकों पर ड्यूटी नहीं लगाने के लिए कहा है। साथ ही पुलिस चौकियों से लेकर नाकों तक पर तीन दिन में जरूरी मूलभूत सुविधाएं पूरी रखने के निर्देश दिए हैं। बता दें कि, हिसार रेंज में हिसार, सिरसा, फतेहाबाद, हांसी, जींद जिले के साथ-साथ डबवाली पुलिस जिला भी शामिल हैं। जानिए, एडीजीपी ने क्या-क्या निर्देश दिए खामियों मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी भी एडीजीपी ने इस कार्य को तीन दिन में पूरा करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही यह चेतावनी भी दी है कि तीन दिन की समय अवधि पूरी होने के बाद हिसार रेंज कार्यालय द्वारा जिलों के किसी भी थाना,चौकी, पुलिस लाइन, अन्य किसी यूनिट में टीम भेज कर इस बारे में जांच करवाई जाएगी। खामियां पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई भी की जाएगी। फतेहाबाद में नाके पर तैनात पुलिसकर्मी की हो गई थी मौत एडीजीपी ने अपने लेटर में फतेहाबाद की घटना का जिक्र किया है, जिसमें नाके पर तैनात एएसआई जगदीश चंद्र को 12 मई को चक्कर आ गया था। उनकी सरदूलगढ़ नाके पर ड्यूटी थी। चक्कर आने पर गिरने से गर्दन में चोट लगी थी और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। एएसआई जगदीश चंद्र मूलरूप से सिरसा जिले के गांव झोरड़रोही के निवासी थे। एडीजीपी ने कहा कि यह पुलिस परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। हमें इस तरह की दुर्घटना से बचना चाहिए। उन्होंने सभी पुलिस कर्मचारियों को स्वास्थ्य का ध्यान रखने की सलाह भी दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *