45 साल के जीजा से नहीं करना चाहती थी शादी:ब्लैकमेल कर बॉयफ्रेंड पर दबाव बनाया तो गला रेतकर मार डाला; गिरफ्तार प्रेमी का कबूलनामा

“वंदना के परिजनों ने उसकी शादी 45 साल के जीजा से तय कर दी थी, लेकिन वह अपने जीजा से शादी नहीं करना चाहती थी। इसलिए वह पिछले एक महीने से मुझे शादी के लिए ब्लैकमेल कर रही थी। वह मेरे घर आकर हंगामा करने और पंचायत बुलाने की धमकी दे रही थी। उसका कहना था कि हम दोनों शादी करके कहीं भाग चलें। मुझे उससे पीछा छुड़ाने का कोई और रास्ता नहीं सूझा। मैंने उसे रात में मिलने के लिए बुलाया, फिर चाकू से गला काटकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को उसके घर के पास स्थित स्कूल परिसर में फेंक दिया, ताकि किसी को मुझ पर शक न हो।” ये कबूलनामा है 19 साल की मृतका वंदना कुमारी के बॉयफ्रेंड नीतीश कुमार का। सुपौल में वंदना की स्कूल की छत पर लाश मिली थी। मामले में पुलिस ने मृतका के बॉयफ्रेंड नीतीश कुमार को गिरफ्तार किया है। साथ ही आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल चाकू, खून से सनी टी-शर्ट और मृतका का मोबाइल बरामद किया गया है। पहले घटना से जुड़ी तस्वीरें… पहले पूरा मामला समझिए… सुपौल में सोमवार रात वंदना का शव घर से करीब 100m दूर स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय चरणै अनुसूचित जाति की पहली मंजिल से बरामद हुआ था। वंदना अपने परिवार में दो भाइयों और तीन बहनों में सबसे छोटी थी। उसकी बड़ी बहन शोभा देवी की करीब एक साल पहले सड़क हादसे में मौत हो गई थी। शोभा की शादी जदिया थाना क्षेत्र के मानगंज गांव में हुई थी और उनका डेढ़ साल का एक बेटा भी है। ग्रामीणों और परिजनों के मुताबिक, बड़ी बहन की मौत के बाद परिवार में वंदना की शादी उसके जीजा से कराने की चर्चा चल रही थी। दोनों परिवार इस रिश्ते के लिए सहमत बताए जा रहे थे, ताकि मासूम बच्चे को मां जैसा स्नेह मिल सके और परिवार दोबारा संभल सके। आखिरी बार भाभी से हुई थी फोन पर बात मृतका की बड़ी भाभी अमरीका देवी ने बताया, “सोमवार रात खाना खाने के बाद वंदना घर में संचालित परचून दुकान में अपनी भतीजी के साथ सो रही थी। रात करीब 12 बजे बच्ची के रोने की आवाज आई। इसके बाद मैं दुकान पर पहुंची तो वंदना वहां नहीं थी। परिवार वालों ने जब उसके मोबाइल पर कॉल किया तो उसने बाथरूम जाने की बात कही। करीब पांच मिनट बाद दोबारा फोन करने पर उसने ‘आ रही हूं’ कहकर कॉल काट दिया। इसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया।” परिजनों के अनुसार, करीब दस मिनट बाद घर से कुछ दूरी पर स्थित विद्यालय की दिशा से दो बार चीखने की आवाज सुनाई दी। परिवार के लोग और ग्रामीण घबराकर उसकी तलाश में जुट गए। खोजबीन के दौरान जब लोग विद्यालय पहुंचे, तो पहली मंजिल पर वंदना का शव पड़ा मिला। उसका गला रेता गया था और आसपास काफी मात्रा में खून फैला हुआ था। बॉयफ्रेंड ने क्या-क्या बताया… वहीं, बॉयफ्रेंड नीतीश कुमार ने बताया, “वंदना से मेरी मुलाकात दिसंबर में हुई थी। ठंड का समय था। हम अपने दोस्तों के साथ दिन में स्कूल के पास खेलने जाया करते थे। इसी दौरान वह भी दोपहर में स्कूल के पास अनाज सुखाने आती थी। वह हमें क्रिकेट खेलते हुए देखती थी। एक दिन मैंने उससे बात की और उसके बाद हम दोनों लगातार बातचीत करने और मिलने लगे। हमारे बीच गहरी बातचीत शुरू हो गई। मुझे नहीं पता, लेकिन वह मुझसे प्रेम करती थी और शादी की बात करती रहती थी। हालांकि, मैं उसके बारे में ऐसा कुछ नहीं सोचता था। मैंने उससे अकेले में भी मुलाकात की थी, जिसे लेकर वह मुझे लगातार ब्लैकमेल करती रहती थी।” पुलिस ने क्या क्या बताया… सुपौल SP शरथ आरएस ने बुधवार को बताया कि 18-19 मई की रात राजेश्वरी थाना क्षेत्र में एक युवती की गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर त्रिवेणीगंज एसडीपीओ बिभाष कुमार के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया। SP ने बताया कि तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस ने तेजी से अनुसंधान शुरू किया। एफएसएल टीम और जिला तकनीकी शाखा की मदद से घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए गए। जांच के दौरान पुलिस को आरोपी तक पहुंचने में सफलता मिली और पूछताछ में उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी नीतीश कुमार का मृतका के साथ पिछले पांच-छह महीनों से बातचीत और प्रेम संबंध था। दोनों के बीच नजदीकी संबंध भी थे। इसी बीच युवती अपने परिवार में चल रही दूसरी जगह शादी की चर्चा से परेशान थी और आरोपी पर शादी करने का लगातार दबाव बना रही थी। बताया जा रहा है कि युवती के जीजा के साथ भी शादी की चर्चा परिवार में चल रही थी, जिससे मामला और उलझ गया था। एसपी शरथ आर.एस ने बताया कि आरोपी ने पूछताछ में खुलासा किया कि शादी के दबाव से परेशान होकर उसने युवती की हत्या की योजना बनाई। घटना वाली रात उसने मोबाइल फोन के जरिए युवती को घर के पास स्थित स्कूल परिसर में बुलाया। वहां विश्वास में लेकर उसने धारदार हथियार से युवती की गर्दन पर वार कर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी मृतका का मोबाइल लेकर फरार हो गया। हालांकि सुबह जब गांव में भीड़ जुटी और पुलिस जांच शुरू हुई तो आरोपी ने मोबाइल को उजाड़ जगह पर झाड़ी के पास फेंक दिया। पूछताछ में उसने पुलिस को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद मोबाइल बरामद कर लिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *