रोहतक जिले के सांपला में बहादुरगढ़ सीमा पर स्थित रोहद टोल प्लाजा पर बस की टक्कर लगने से टोल कर्मचारी की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक कर्मचारी की पहचान सांपला के वार्ड नंबर दो निवासी कपिल के रूप में हुई है। बताया जाता है कि कपिल ने आज ही नौकरी जॉइन की थी। नौकरी के पहले ही दिन उसकी मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, यह घटना आज (शुक्रवार) सुबह करीब 6:10 बजे हुई। हांसी डिपो की एक रोडवेज बस कथित तौर पर बिना टोल शुल्क दिए निकलने का प्रयास कर रही थी। इसी दौरान कर्मचारी कपिल ने बस को रोकने की कोशिश की, तभी बस ने उसे टक्कर मार दी। अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित हादसे में गंभीर रूप से घायल कपिल को तुरंत इलाज के लिए रोहतक पीजीआई ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस बस चालक से पूछताछ कर रही है। बताया गया है कि रोहद टोल प्लाजा का टेंडर हाल ही में एक नई कंपनी ने लिया है, जो राजस्थान की है। यह कंपनी नए कर्मचारियों की भर्ती कर रही थी, जिनमें कपिल भी शामिल था।