तरनतारन में मजदूर की गोली मारकर हत्या:ग्रामीणों का थाने के बाहर धरना, 14 लोगों पर केस; पुलिस जांच में जुटी

तरनतारन जिले में बीते शनिवार रात चीमा खुर्द गांव में खजान सिंह नाम के व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के विरोध में ग्रामीणों ने थाना सराय अमानत खां के सामने धरना दिया। मृतक के बेटे वरिंदर सिंह उर्फ राजा ने बताया कि उनके पिता खजान सिंह (50) मेहनत-मजदूरी करते थे। इस मामले में 14 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। शनिवार रात करीब आठ बजे खजान सिंह अपने घर के बाहर मौजूद थे। इसी दौरान गांव के दो गुटों के बीच झगड़ा हो गया। कुछ लोगों ने सुखमन सिंह और जोबनजीत सिंह पर लोहे के कड़े से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। खजान सिंह ने हमलावरों को रोकने का प्रयास किया। मजदूर के सिर में लगी गोली इसके बाद हमलावर वहां से चले गए, लेकिन करीब 20 मिनट बाद हुसनप्रीत सिंह, भलिंदर सिंह, यादू चीमा, तोता सिंह और 11 अज्ञात लोग दोबारा असलहे के साथ लौट आए। उन्होंने पहले ईंट मारकर ट्रांसफार्मर से बिजली आपूर्ति बंद कर दी। फिर दो युवकों ने पिस्तौल से गोलियां चलानी शुरू कर दीं। इस दौरान खजान सिंह के सिर में गोली लगी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। रविवार को सिविल अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवाया गया। पुलिस ने वरिंदर सिंह उर्फ राजा के बयान पर 14 लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। इस घटना के विरोध में कांग्रेस के हलका इंचार्ज करनबीर सिंह बुर्ज, ब्लॉक कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष गुरपाल सिंह जगतपुर, सरपंच गुरचरन सिंह, मलकीत सिंह, गुरभेज सिंह चीमा, कुलजीत सिंह, गुरसेवक सिंह और खजान सिंह के पारिवारिक सदस्यों ने थाना सराय अमानत खां का घेराव किया। करनबीर बुर्ज ने आरोप लगाया कि पुलिस सरेआम हुई इस हत्या को नजरअंदाज कर रही है। इस मामले में 14 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *