भिवानी में बुधवार को प्राइवेट स्कूल वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। शहर में चल रहे अवैध, बिना मान्यता प्राप्त प्ले स्कूल और कोचिंग एकेडमियों के खिलाफ कार्रवाई करवाने की मांग को लेकर यह विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। इस दौरान भिवानी के लघे सचिवालय पर धरना प्रदर्शन करेंगे। जिसमें प्राइवेट स्कूलों के प्रिंसिपल, डायरेक्टर, टीचिंग और नॉन टीचिंग स्टाफ तथा बच्चे शामिल होंगे। इसकी पहले ही चेतावनी दी गई थी। साथ ही प्राइवेट स्कूल वेलफेयर एसोसिएशन का कहना है कि जब तक उनकी मांगों को पूरा नहीं किया जाता वे विरोध प्रदर्शन जारी रखेंगे। इसको लेकर लगातार विरोध जताया जा रहा है। साथ ही चेतावनी भी दी गई है कि भिवानी से प्रदेश स्तरीय आंदोलन का आगाज किया जाएगा। इसके बाद पूरे प्रदेश में जिला स्तर पर विरोध प्रदर्शन किए जाएंगे। हरियाणा प्राइवेट स्कूल वेलफेयर एसोसिएशन के प्रदेशाध्यक्ष राम अवतार शर्मा का कहना है कि विरोध प्रदर्शन करके डीसी कार्यालय का घेराव किया जाएगा। साथ ही स्कूलों की चाबियां भी डीसी को सौंपी जाएंगी।