पंजाब में गर्मी में ही बिजली मेंटेनेंस क्यों:अफसर बोले- जनवरी से कर रहे, गर्मी बढ़ने से लोग पैनिक हो रहे; जानिए आज कहां-कहां कट लगेगा

पावरकॉम (PSPCL) ने अचानक पंजाब के लुधियाना, जालंधर, अमृतसर, पटियाला, मोहाली और बठिंडा जिलों में बिजली कट लगाने का शेड्यूल जारी कर दिया। वह भी 3 घंटे से लेकर 10 घंटे तक के लंबे कट। 26 अप्रैल तक लोगों को यह स्थिति झेलनी होगी। इस बारे में पंजाब की AAP सरकार के बिजली मंत्री संजीव अरोड़ा ने भी सोशल मीडिया (X) पर कह दिया कि लोगों को हो रही असुविधा के लिए हमें खेद है। एक तरफ मौसम विभाग का हीटवेव अलर्ट, दूसरी तरफ बिजली के घंटों लंबे कट, लोग इन्हें बर्दाश्त नहीं कर पा रहे। यही वजह है कि अमृतसर में तो लोग आधी रात को फीडर में घुस गए। गेट तोड़ा और मुलाजिमों से धक्कामुक्की कर खुद ही बिजली सप्लाई चालू कर दी। इस पूरे मामले में लोगों के मन में एक ही सवाल है कि पावरकॉम को आखिर गर्मी में ही क्यों याद आया कि मेंटेनेंस भी करनी है? यह काम पहले क्यों नहीं किया गया। इसे लेकर जब पावरकॉम के अफसरों से बात की गई तो उन्होंने कहा कि लोगों में बेवजह पैनिक है। यह तो हर साल होता है। यह बिजली कट नहीं, बल्कि शटडाउन है। असल में गर्मी ज्यादा हो गई तो बस ये AC चलाने की छटपटाहट है। आखिर गर्मी में ही मेंटेनेंस क्यों, पंजाब में बिजली की असली हालत है क्या और 26 अप्रैल तक किस शहर में कब से कब तक बिजली कट रहेंगे, इन सब सवालों के जवाब जानने के लिए पढ़िए पूरी रिपोर्ट… बिजली कट क्यों लगाए, 2 अफसरों से दैनिक भास्कर की सीधी बात… इंजीनियर दलजीत इंदरपाल सिंह ग्रेवाल, डायरेक्टर (डिस्ट्रिब्यूशन) पावरकॉम, हेड ऑफिस सवाल: गर्मी में ही मेंटेनेंस की याद क्यों आई?
जवाब: मेंटेनेंस एक दम से याद आने वाला काम नहीं है। जनवरी से ही मेंटेनेंस शटडाउन चल रहा है। कई जगह लाइन बदली जा रही है तो कुछ जगह नई लाइन डल रही हैं। ये कुछ दिनों की दिक्कत है। जनवरी से लेकर अप्रैल तक और आगे भी मेंटेनेंस के काम चलते हैं। सवाल: घंटों बिजली बंद होने से लोग परेशान हो रहे?
जवाब: लोगों के पैनिक होने की बड़ी वजह ये है कि इस बार मौसम में बदलाव देखा गया है। पहले अप्रैल के फर्स्ट हाफ तक गर्मी नहीं थी, तब भी मेंटेनेंस शटडाउन चल रहा था। अब अचानक से गर्मी बढ़ी है तो लोगों ने बिजली को नोटिस करना शुरू कर दिया। AC चलाने की छटपटाहट है। कॉल सेंटर में डेली हजारों फोन आ रहे हैं। सवाल: मेंटेनेंस क्यों किया जा रहा है?
जवाब: मेंटेनेंस लोगों की सुविधा के लिए ही है ताकि गर्मी के पीक सीजन में लाइन लॉस, ट्रिपिंग और ट्रांसफार्मर जलने जैसे समस्याओं से निपटा जा सके और बिजली कट न लगें। अभी हमारे पास बिजली की कोई कमी नहीं है। लोग धैर्य रखें। पैनिक होने की जरूरत नहीं है। गुलशन चुटानी, डिप्टी चीफ इंजीनियर, पावरकॉम, जालंधर सवाल: गर्मी शुरू होते ही मेंटेनेंस क्यों शुरू कर दी?
जवाब: ये अचानक से आई याद नहीं है। पावरकॉम के पास हर इलाके के हिसाब से नई लाइनें डालने, नए खंभे लगाने, ट्रांसफार्मर बदलने और लाइनों को ठीक करने संबंधी डिमांड आती है। उसी हिसाब से अलग-अलग इलाकों में लाइनें डालने, नए खंभे लगाने, ट्रांसफार्मर बदलने और लाइनों को ठीक करने का काम चल रहा है। सवाल: ये काम पहले क्यों नहीं किए जाते?
जवाब: सर्दियों में जनवरी से अप्रैल तक खेतों में फसलें खड़ी होती हैं। अप्रैल 13 के बाद खेत खाली होने शुरू हो जाते हैं, इसके चलते इसी महीने मेंटेनेंस के काम किए जाते हैं। ये पहली बार नहीं है, हर साल ऐसा ही होता है। जनवरी से मेंटेनेंस का काम चल रहा है। सवाल: बिजली के कट क्यों लगाए जा रहे हैं?
जवाब: पंजाब के कई इलाकों में पावर कट टेक्निकल दिक्कत के चलते लगे थे। रोपड़ और तलवंडी साबो थर्मल फुल कैपेसिटी से काम नहीं कर रहे थे, जिससे इन 2 थर्मलों से सप्लाई कम हो गई थी। बिजली एक्सचेंज में दिक्कत थी। इसके चलते पावरकट लगे, जो अब खत्म हो चुके हैं। सवाल: लोग तो यही कह रहे कि पावरकॉम बिजली कट लगा रहा?
जवाब: अभी 2 तरह से बिजली सप्लाई बाधित हो रही है। पहली बात ये है कि ये जो बिजली काटी जा रही है ये टेक्निकली पॉवर शटडाउन है। इसे कट नहीं कह सकते। कट उसी सूरत में लगते हैं जब हमारे पास बिजली नहीं है। ये जो शटडाउन है उससे लोग पैनिक न हों। गर्मी में आगे दिक्कत न आए इसके लिए मेंटेनेंस चल रही है। पंजाब में बिजली की स्थिति इन सवाल-जवाब से जानिए सवाल: पंजाब में कितनी बिजली बन रही, टारगेट से पीछे क्यों थर्मल प्लांट?
जवाब: केंद्रीय बिजली मंत्रालय ने 21 अप्रैल 2026 तक का बिजली उत्पादन का डेटा जारी किया। इसके अनुसार पंजाब की कुल बिजली उत्पादन क्षमता 6,776 मेगावाट है। 21 अप्रैल को राज्य में कुल 110.53 मिलियन यूनिट बिजली का उत्पादन हुआ, जो तय टारगेट से 113.21 मिलियन यूनिट से कम रहा। उत्पादन का मुख्य हिस्सा प्राइवेट सेक्टर जैसे राजपुरा और तलवंडी साबो थर्मल प्लांट से आया। इन्होंने मिलकर लगभग 66.33 मिलियन यूनिट बिजली पैदा की। वहीं, पंजाब के अपने सरकारी थर्मल प्लांट लहरा मोहब्बत, रोपड़ और गोइंदवाल साहिब ने 37.34 मिलियन यूनिट का योगदान दिया। हाइड्रो पावर से केवल 4.38 मिलियन यूनिट बिजली मिल रही है। रोपड़ थर्मल प्लांट की 2 यूनिट बंद होने के कारण 420 मेगावाट क्षमता फिलहाल इस्तेमाल नहीं हो पा रही है। सवाल: पंजाब के थर्मल प्लांटों में कोयले की क्या स्थिति है?
जवाब: केंद्रीय ऊर्जा मंत्रालय की रिपोर्ट के अनुसार पंजाब में 3 सरकारी पावर प्लांट लहरा मोहब्बत, गोइंदवाल साहिब और रोपड़ की कुल क्षमता 2300 मेगावाट है, जहां फिलहाल कोयले का स्टॉक पूरा है। पंजाब के पास कुल 10.89 लाख टन कोयला है जो नॉर्मल स्टॉक का 142% है। रिपोर्ट के अनुसार 21 अप्रैल को पंजाब ने 22 हजार टन कोयले की खपत की, जबकि रेल के जरिए लगभग 20 हजार 100 टन कोयले की ताजी आवक हुई है। सभी थर्मल प्लांट के पास 22 से 66 दिनों का कोयला स्टॉक है। सवाल: पंजाब में अभी बिजली डिमांड की क्या स्थिति है?
जवाब: पावरकॉम के मुताबिक पंजाब में बिजली की डिमांड अभी 6 हजार मेगावाट के करीब है। हालांकि टेंपरेचर बढ़ने पर कुछ दिन पहले यह डिमांड 9500 मेगावाट तक पहुंच गई थी। पंजाब में बिजली का उत्पादन 3300 मेगावाट के करीब है और केंद्रीय पूल से 2700 मेगावाट बिजली खरीदी जा रही है। पंजाब के पास 16 हजार 600 मेगावाट बिजली डिमांड पूरी करने की कैपेसिटी है। सवाल: बिजली डिमांड की आगे क्या स्थिति होने वाली है?
जवाब: पावरकॉम के मुताबिक पंजाब में बिजली की डिमांड अभी 6 हजार मेगावाट के करीब है। हालांकि टेंपरेचर बढ़ने पर कुछ दिन पहले यह डिमांड 9500 मेगावाट तक पहुंच गई थी। अप्रैल के चौथे सप्ताह तक बिजली की डिमांड 14 हजार मेगावाट के बीच पहुंच सकती है। सवाल: पंजाब में बिजली कट लगाने की नौबत कब आती है?
जवाब: पंजाब के पास सेंट्रल पूल सहित अन्य एजेंसियों से 11 हजार मेगावाट के करीब बिजली की डिमांड पूरी करने की कैपेसिटी है। जब तक मांग 16 हजार मेगावाट तक नहीं पहुंच जाती और एक्सचेंज से बिजली कम मिलती है तो उस सूरत में लंबे कट की दिक्कत आ सकती है। जानिए, आज से 26 अप्रैल तक किस शहर में कब बिजली बंद रहेगी 23 अप्रैल: 24 अप्रैल: 25 अप्रैल: 26 अप्रैल: ॰॰॰॰॰॰॰॰ यह खबर भी पढ़ें… पंजाब में आज भी तेज धूप, मौसम रहेगा ड्राई:गर्म हवाएं चलेंगी, तापमान 42.9 डिग्री पहुंचा; 26 से बारिश की संभावना पंजाब और चंडीगढ़ में गर्मी का कहर जारी है। दिन का तापमान पहली बार 42.9 डिग्री तक पहुंचा है। हालांकि आज (23 अप्रैल को) मौसम ड्राई रहेगा। किसी तरह का कोई अलर्ट नहीं है। फिर 24 और 25 अप्रैल को लगातार दोनों दिन हीटवेव का यलो अलर्ट मौसम विभाग ने जारी किया है। पढ़ें पूरी खबर…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *