बरनाला जिले के शेहणा क्षेत्र के अंतर्गत आते गांव बल्लोके में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक युवक ने कथित तौर पर ब्लैकमेलिंग और मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर अपने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मृतक की माता की शिकायत पर एक महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक कोमलप्रीत सिंह की माता जसविंदर कौर ने पुलिस को दिए बयानों में बताया कि उनके बेटे की दोस्ती गांव दराज की रहने वाली खुशप्रीत कौर से थी। आरोप है कि खुशप्रीत की माता हरजीत कौर ने इस दोस्ती का नाजायज फायदा उठाना शुरू कर दिया। वह कोमलप्रीत को लगातार डरा-धमका रही थी और उसे झूठे पुलिस केस में फंसाने की धमकी देती थी। मोटी रकम वसूलने का आरोप शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपी महिला हरजीत कौर बदनामी का डर दिखाकर कोमलप्रीत को मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रही थी। इस प्रताड़ना की आड़ में वह अक्सर उससे पैसों की मांग करती थी और समय-समय पर उससे मोटी रकम वसूलती रही। बार-बार की जा रही पैसों की मांग और धमकियों के कारण कोमलप्रीत काफी समय से मानसिक तनाव में रहने लगा था। इसी मानसिक परेशानी के चलते कोमलप्रीत ने अंततः मौत को गले लगा लिया। पुलिसिया कार्रवाई और अगली जांच घटना के बाद शेहणा पुलिस ने मौके पर पहुँचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने जसविंदर कौर के बयानों के आधार पर आरोपी हरजीत कौर (निवासी दराज) के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। शेहणा पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आरोपी महिला की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उसे हिरासत में ले लिया जाएगा।