फरीदकोट में राज्य के कैबिनेट मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां ने ईडी के द्वारा मंत्री संजीव अरोड़ा की गिरफ्तारी को लेकर बीजेपी व केंद्र सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी द्वारा राजनीतिक विरोधियों को डराने के केंद्रीय जांच एजेंसियों का दुरुपयोग किया जा रहा है। वह शनिवार को यहां की बाबा फरीद मेडिकल यूनिवर्सिटी के गेस्ट हाउस में जिले के विभिन्न विभागों की विकास परियोजनाओं की समीक्षा करने और सरकारी सुविधाओं को बेहतर बनाने को लेकर आयोजित एक उच्च स्तरीय बैठक के लिए पहुंचे थे। बैठक में पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवां, फरीदकोट से विधायक गुरदित्त सिंह सेखों, जैतो से विधायक अमोलक सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी विशेष रूप से मौजूद रहे। तयसीमा में प्रोजेक्ट पूरे करने के निर्देश बैठक के दौरान विकास परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को तय समय सीमा के भीतर कार्य पूरा करने के निर्देश जारी किए गए। इसके अलावा विभिन्न विभागों में आम लोगों को बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित करने को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। जिन विभागों में अधिकारियों और कर्मचारियों की कमी है, उसे भी जल्द पूरा करने का भरोसा दिलाया गया। मंत्री संजीव अरोड़ा की गिरफ्तारी की निंदा की इस मौके पर बातचीत करते हुए मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के दिशा-निर्देशों के अनुसार यह बैठक आयोजित की गई है, ताकि जिले के लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा की गिरफ्तारी पर प्रतिक्रिया देते हुए केंद्र सरकार और भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ईडी और सीबीआई जैसी जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है। पंजाब और पंजाबी किसी के आगे झुकने वाले नहीं हैं: मुंडियां कैबिनेट मंत्री मुंडियां ने कहा कि अन्य राज्यों की तरह पंजाब में भी विरोधियों को डराने और दबाने के लिए जांच एजेंसियों का इस्तेमाल किया जा रहा है। अरोड़ा पर एक साल में तीसरी बार और15 दिनों में दूसरी बार रेड की गई है तथा उन्हें गिरफ्तार कर तानाशाही रवैया अपनाया गया है। उन्होंने कहा कि पंजाब और पंजाबी किसी के आगे झुकने वाले नहीं हैं और इस कार्रवाई का खामियाजा भाजपा और केंद्र सरकार को भुगतना पड़ेगा।