हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड (HPSEB) ने शनिवार को 10वीं कक्षा का वार्षिक परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया है। बोर्ड सचिव डॉ. (मेजर) विशाल शर्मा ने परिणामों की पुष्टि करते हुए बताया कि इस वर्ष कुल पास प्रतिशत 83.87 रहा। परीक्षा में कुल 93,661 विद्यार्थी शामिल हुए थे, जिनमें से 78,150 सफल घोषित किए गए। एबीएम स्कूल पाहड़ा जिला कांगड़ा की अनमोल ने 700 में से 699 अंक लेकर प्रदेश में पहला स्थान बनाया है। वहीं, 8,433 छात्रों को कंपार्टमेंट आई है, जबकि 6,559 विद्यार्थी अनुत्तीर्ण रहे। 485 परीक्षार्थी परीक्षा के दौरान अनुपस्थित पाए गए। इस बार भी छात्राओं का प्रदर्शन छात्रों से बेहतर रहा है। परीक्षा में शामिल 45,079 छात्राओं में से 38,449 उत्तीर्ण हुईं, जबकि 48,097 छात्रों में से 39,701 ही सफल हो सके। सामान्य वर्ग के 37,661 विद्यार्थी उतीर्ण श्रेणीवार आंकड़ों के अनुसार, सामान्य वर्ग के 37,661, अनुसूचित जाति के 23,036, अनुसूचित जनजाति के 4,932 और अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के 12,521 छात्र उत्तीर्ण हुए हैं। जो छात्र अपने अंकों से संतुष्ट नहीं हैं, वे पुनर्मूल्यांकन (Re-evaluation) या पुनरीक्षण (Re-checking) के लिए 25 मई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। पुनर्मूल्यांकन के लिए प्रति विषय 1000 रुपये और पुनरीक्षण के लिए 800 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। दूसरे स्थान पर तीन विद्यार्थी
जिला ऊना अम्ब के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रपोह मिस्सरां स्कूल के अभिनव मेहता और रूहानी धीमान व बिलासपुर जिला के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक कन्या विद्यालय बिलासपुर की पूर्णिमा शर्मा ने संयुक्त रूप से दूसरा स्थान पाया है। तीनों मेधावी बच्चों ने 700 में से 698 अंक हासिल किए हैं। पुनर्मूल्यांकन के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी पुनर्मूल्यांकन के लिए संबंधित विषय में कम से कम 20 प्रतिशत अंक प्राप्त करना अनिवार्य है। छात्रों की सुविधा के लिए बोर्ड ने हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। साथ ही, प्रमाण पत्रों की प्रतियां डिजिलॉकर पर भी उपलब्ध करवा दी गई हैं। कंपार्टमेंट वाले छात्रों के लिए आगामी परीक्षा का शेड्यूल जल्द ही अलग से जारी किया जाएगा।