कपूरथला की सुल्तानपुर लोधी सब-डिवीजन में एक चलती प्राइवेट बस में हंगामा हो गया। सीट को लेकर हुई बहस के दौरान एक सहायक उप-निरीक्षक (ASI) ने कंडक्टर पर रिवॉल्वर तान दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ASI को निलंबित कर दिया है। बस कंडक्टर बोहड़ सिंह पुत्र इंदर सिंह ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह पीआरटीसी बस नंबर PB 09 X 3206 में सुल्तानपुर लोधी से कपूरथला जा रहे थे। सुल्तानपुर लोधी बाईपास से एक ASI बस में चढ़ा। कंडक्टर के अनुसार, जब उन्होंने ASI से टिकट का वाउचर मांगा, तो उसने देने से इनकार कर दिया। कंडक्टर ने बताया कि जब बस डडविंडी अड्डे पर पहुंची, तो सोमवार होने के कारण बस में काफी भीड़ थी। उन्होंने यात्रियों को आगे बढ़ने को कहा और ASI से अनुरोध किया कि वह अपनी सीट से बैग हटाकर किसी अन्य यात्री को बैठने दें। इस बात पर ASI को गुस्सा आ गया और वह कंडक्टर से बहस करने लगा। बहस जल्द ही गाली-गलौज में बदल गई। इसी दौरान ASI ने अपनी सरकारी रिवॉल्वर निकाल ली और उसे लहराया। इस घटना से बस में मौजूद यात्री भयभीत हो गए। एक यात्री ने बनाई पूरी घटना की वीडियो मौके पर मौजूद एक यात्री ने इस पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस मामले को लेकर पीआरटीसी कर्मचारियों में रोष है। पीआरटीसी कर्मचारियों ने आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि ड्यूटी के दौरान सरकारी कर्मचारियों के साथ ऐसा व्यवहार अस्वीकार्य है। दूसरी ओर, पुलिस प्रशासन मामले की जांच कर रहा है। सुल्तानपुर लोधी के एएसपी धीरेंद्र वर्मा ने बताया कि संबंधित कर्मचारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है और जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद बस कंडक्टर ने पुलिस को लिखित शिकायत दी। इस बारे में ASP सुल्तानपुर लोधी धीरेंद्र वर्मा ने कन्फर्म किया कि पुलिस को सुबह 112 पर कॉल आई थी। इसके बाद तुरंत पुलिस टीम मौके पर भेजी गई और जांच शुरू की गई। ASP ने बताया कि शुरुआती जांच और वायरल वीडियो के आधार पर PAP में तैनात ASI बलबीर सिंह की भूमिका सामने आई है। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस विभाग ने उन्हें तुरंत प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है और आगे की विभागीय कार्रवाई भी की जा रही है। इस घटना के बाद इलाके में पुलिस की कारगुजारी और व्यवहार को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं, वहीं लोग मामले में निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।