पत्नी को परीक्षा दिलाने जा रहे पति की मौत:नवगछिया में शादी के कुछ महीने बाद ही उजड़ा सुहाग, नवविवाहिता घायल

नवगछिया के गोपालपुर थाना क्षेत्र के चपरघट गांव में बुधवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को गम में डुबो दिया। जिस युवक ने कुछ महीने पहले ही अपनी पत्नी के साथ जिंदगी भर साथ निभाने का सपना देखा था, वही पत्नी को परीक्षा दिलाने ले जाते वक्त हमेशा के लिए उससे बिछड़ गया। हादसे के बाद अस्पताल में नई-नवेली दुल्हन की चीखें सुन हर किसी की आंखें भर आईं। मृतक की पहचान 25 वर्षीय हीरो कुमार के रूप में हुई है। वह वेदानंद सिंह का पुत्र था। हादसे में उसकी पत्नी मौसम कुमारी घायल हो गई, जिसका इलाज चल रहा है। बताया गया कि बुधवार को हीरो कुमार अपनी पत्नी को बीए सेमेस्टर-3 की परीक्षा दिलाने बाइक से घर से निकला था। पत्नी के भविष्य को लेकर वह बेहद खुश था। रास्ते भर दोनों ने शायद आने वाले जीवन के कई सपने देखे होंगे, लेकिन अंभो के पास हाईवे पर अचानक हुई दुर्घटना ने पलभर में सबकुछ खत्म कर दिया। पति की मौत पर बिलखती पत्नी, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़ हादसे के बाद सड़क पर खून से लथपथ पड़े हीरो कुमार को देखकर लोगों की रूह कांप उठी। घायल पत्नी अपने पति को पकड़कर रोती रही और बार-बार उसे उठाने की कोशिश करती रही। स्थानीय लोगों ने तुरंत दोनों को नवगछिया अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद हीरो कुमार को मृत घोषित कर दिया। पति की मौत की खबर सुनते ही पत्नी अस्पताल में ही बेसुध होकर गिर पड़ी। वहां मौजूद लोग भी अपने आंसू नहीं रोक सके। बताया गया कि दोनों की शादी पिछले वर्ष 25 नवंबर को धरहरा में बड़े अरमानों के साथ हुई थी। शादी के कुछ ही महीनों बाद यह हादसा पूरे परिवार पर पहाड़ बनकर टूट पड़ा। हीरो कुमार हैदराबाद में रहकर मजदूरी करता था और परिवार की जिम्मेदारियां संभालता था। बड़े पिता के निधन के कारण वह चार-पांच दिन पहले ही घर लौटा था। मां अपने जवान बेटे के शव से लिपटकर दहाड़ मारकर रोती रही। छोटे भाई साजन और सुधीर की आंखों से आंसू रुकने का नाम नहीं ले रहे थे। गांव की महिलाएं नई दुल्हन को संभालती रहीं, लेकिन वह बार-बार क्यों गए छोड़ कर दोहराती रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *