फरीदकोट में हेरोइन समेत 3 तस्कर गिरफ्तार:पुलिस को देख भागने लगे, फिरोजपुर के रहने वाले तीनों; ASI बोले- आपराधिक रिकॉर्ड की जांच होगी

फरीदकोट जिला पुलिस के सीआईए स्टाफ ने 307 ग्राम हेरोइन समेत बाइक सवार 3 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना सदर फरीदकोट में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपियों की पहचान फिरोजपुर की माछीयां वाली बस्ती निवासी वंश सिंह तथा फिरोजपुर के गांव मीहा सिंह वाला निवासी नवप्रीत सिंह और विशाल सिंह के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार एसएसपी डॉ. प्रज्ञा जैन के दिशा-निर्देशों पर जिले में चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान के तहत सीआईए स्टाफ के एएसआई हाकम सिंह के नेतृत्व में पुलिस पार्टी अमृतसर-बठिंडा नेशनल हाईवे पर गश्त और चेकिंग कर रही थी। जब पुलिस पार्टी गांव चंदबाजा के पास रजबाहा पुल के नजदीक पहुंची तो वहां एक मोटरसाइकिल के पास खड़े तीन युवक संदिग्ध हालत में दिखाई दिए। पुलिस को देखकर तीनों युवक मौके से भागने लगे, लेकिन पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उन्हें काबू कर लिया। आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज पुलिस द्वारा की गई तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 307 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इसके बाद थाना सदर फरीदकोट में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया। ASI बोले- पुलिस रिमांड पर लेकर होगी पूछताछ एएसआई हाकम सिंह ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा, ताकि हेरोइन की सप्लाई लाइन और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में पूछताछ की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *