नारनौल में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के घर में घुसे बदमाश:सीसीटीवी के काटे तार, दीवार फांदकर अंदर पहुंचे; स्टॉफ के जागने पर फरार

हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री राव नरेंद्र सिंह के नारनौल स्थित निवास पर अल सुबह संदिग्ध बदमाशों द्वारा घुसने और हमला करने की कोशिश का मामला सामने आया है। परिवार की ओर से पुलिस अधीक्षक नारनौल और महावीर पुलिस चौकी में शिकायत देकर एफआईआर दर्ज करने तथा सुरक्षा बढ़ाने की मांग की गई है। शिकायतकर्ता राव नरेंद्र सिंह के भाई राव देवेंद्र सिंह ने बताया कि उनका परिवार पिछले करीब 50 वर्षों से महेंद्रगढ़ रोड स्थित शिव कॉलोनी में रह रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि 15 और 16 मई की रात करीब 3 बजे चार से पांच बदमाश दीवार फांदकर घर के पीछे की तरफ से अंदर घुसे। सीसीटीवी की तार काटी बदमाशों ने सबसे पहले सीसीटीवी कैमरों की तार काट दी और सर्वेंट क्वार्टर के कमरों को बाहर से बंद कर दिया। शिकायत के अनुसार घर के पीछे वाले दरवाजे के ताले और कुंडी को किसी तेजधार हथियार से काटा और तोड़ा गया। इसी दौरान सर्वेंट क्वार्टर में सो रहे स्टाफ की आंख खुल गई। मुंह ढके था बदमाश जब उन्होंने बाहर निकलने की कोशिश की तो दरवाजा बाहर से बंद मिला। स्टाफ ने खिड़की से देखा कि बदमाश मुंह ढके हुए थे और उनमें से एक के हाथ में पिस्तौल या तेजधार हथियार जैसा सामान था। कटे ताले, टूटी कुंडी मिली शिकायतकर्ता ने बताया कि मौके पर कटे हुए ताले, टूटी कुंडी, कटी हुई सीसीटीवी तार और दीवार पर जूतों के निशान साफ देखे जा सकते हैं। उनका कहना है कि यदि समय रहते स्टाफ के लोग नहीं जागते तो कोई बड़ी वारदात हो सकती थी। परिवार को बनाया जा रहा निशाना राव देवेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि उनके भाई राव नरेंद्र सिंह लगातार अपराधियों और गैंगस्टरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाते रहे हैं, जिसके चलते परिवार को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने आशंका जताई कि यह घटना किसी आपराधिक गिरोह से जुड़े लोगों द्वारा अंजाम दी गई है। मौके पर पहुंची पुलिस घटना के बाद रात करीब 3:20 बजे पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक बदमाश फरार हो चुके थे। परिवार ने मामले में सख्त कार्रवाई के साथ-साथ सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *