‘माइग्रेटेड चाइनीज’ टिप्पणी पर किन्नौर में सड़क पर उतरे लोग:व्यापारी के खिलाफ कई थानों में FIR दर्ज, रैली निकालकर गिरफ्तारी की मांग

हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिले किन्नौर के मुख्यालय रिकांगपिओ में शनिवार को पूह क्षेत्र के लोगों ने एक स्थानीय व्यापारी के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। व्यापारी पर सोशल मीडिया के माध्यम से पूह क्षेत्र के निवासियों के खिलाफ नस्लीय और आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए उन्हें ‘माइग्रेटेड चाइनीज’ (प्रवासी चीनी) कहने का आरोप है। इस विवादित टिप्पणी के बाद पूरे जिले में तनाव का माहौल है और आरोपी व्यापारी के खिलाफ जिले के विभिन्न थानों में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराई गई है। इस विवादित टिप्पणी के विरोध में शनिवार को रिकांगपिओ में एक विशाल आक्रोश रैली का आयोजन किया गया। यह रैली रिकांगपिओ के डीसी पार्किंग स्थल से शुरू हुई और पंजाब नेशनल बैंक (PNB) चौक होते हुए वापस पार्किंग स्थल पर आकर समाप्त हुई। इस विरोध प्रदर्शन में न केवल पूह क्षेत्र के प्रभावित लोग शामिल हुए, बल्कि किन्नौर जिले के अन्य ग्रामीण इलाकों से आए सैकड़ों लोगों ने भी हिस्सा लिया, जिससे इस प्रदर्शन ने एक व्यापक जन आंदोलन का रूप ले लिया। जनजातीय अधिकारों का हनन बर्दाश्त नहीं रैली के समापन पर हुई सभा में जिला परिषद सदस्य शांता नेगी सहित अन्य वक्ताओं ने ने दो टूक शब्दों में कहा कि रिकांगपिओ के एक स्थानीय व्यापारी द्वारा पूह क्षेत्र के देशभक्त नागरिकों को सोशल मीडिया पर ‘माइग्रेटेड चाइनीज’ कहना बेहद निंदनीय है और इसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि बाहर से आकर जिले में व्यापार करने वाले कुछ लोग यहां के मूल निवासियों की अस्मिता और उनके जनजातीय अधिकारों का हनन करने का प्रयास कर रहे हैं। कार्रवाई न होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी जिला परिषद सदस्य शांता नेगी ने आरोपी व्यापारी और प्रशासन को कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि आज का यह शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन सिर्फ एक शुरुआत है। यह रैली उन लोगों को यह बताने के लिए है कि वे जनजातीय संस्कृति और यहाँ के लोगों के अधिकारों के साथ खिलवाड़ करना तुरंत बंद करें। यदि आरोपी के खिलाफ समय रहते कड़ी कानूनी कार्रवाई नहीं की गई, तो भविष्य में इससे भी बड़े स्तर पर उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। कई पुलिस थानों में एफआईआर दर्ज, प्रशासन से मिले प्रतिनिधि इस पूरे मामले को लेकर पूह क्षेत्र के लोगों में भारी गुस्सा है। आक्रोशित जनता ने कार्रवाई की मांग को लेकर रिकांगपिओ, टापरी और पूह समेत जिले के कई मुख्य थानों में आरोपी व्यापारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवा दी है। इससे पहले, पूर्व जिला परिषद सदस्य शांता कुमार नेगी और हितेश नेगी की अध्यक्षता में एक प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त (DC) किन्नौर और पुलिस अधीक्षक (SP) किन्नौर से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात की थी। आरोपी की गिरफ्तारी की मांग प्रतिनिधिमंडल ने जिले के आला अधिकारियों को एक ज्ञापन सौंपकर आरोपी व्यापारी को तुरंत गिरफ्तार करने और उस पर सख्त कानूनी शिकंजा कसने की मांग उठाई थी। पुलिस अब इस मामले में तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ा रही है। उसका कहना है कि जल्द आरोपी को गिरफ्ता कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *