अमृतसर स्थित कस्टम विभाग को नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। एपीआईएस (एडवांस पैसेंजर इंफॉर्मेशन सिस्टम) से मिली खुफिया जानकारी के आधार पर अधिकारियों ने एक संदिग्ध यात्री को गिरफ्तार कर उसके पास से भारी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद किया। जानकारी के अनुसार, आरोपी यात्री बैंकॉक से सिंगापुर होते हुए फ्लाइट नंबर TR-750 के जरिए अमृतसर पहुंचा था। पहले से मिले इनपुट के चलते कस्टम विभाग के अधिकारियों ने यात्री की गतिविधियों पर नजर रखी और एयरपोर्ट पर उतरते ही उसकी प्रोफाइलिंग की। इसके बाद उसके सामान की गहन तलाशी ली गई। आरोपी के अंतरराष्ट्रीय नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़े होने की आशंका जांच के दौरान उसके बैग के अंदर छिपाकर रखे गए 6 किलो 270 ग्राम गांजा बरामद किया गया। बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 6.27 करोड़ रुपए आंकी गई है। इतनी बड़ी मात्रा में गांजा बरामद होने से यह आशंका जताई जा रही है कि आरोपी किसी अंतरराष्ट्रीय नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है। कस्टम विभाग ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। प्रारंभिक जांच में कई अहम सुराग मिले हैं, जिनके आधार पर अन्य संभावित आरोपियों की तलाश की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में और भी लोगों की संलिप्तता सामने आ सकती है। फिलहाल जांच एजेंसियां पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी हुई हैं। कस्टम विभाग ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी नशा तस्करी के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि इस अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।