रोपड़ में कुत्तों ने 4 दिन में 15 को काटा:गली-मोहल्लों में घूमता रहता है झुंड, दहशत का माहौल, घर से निकलने में डरती हैं महिलाएं व बच्चे

रोपड़ शहर में आवारा कुत्तों का आतंक बढ़ता जा रहा है, जिससे नागरिकों में दहशत का माहौल है। पिछले कुछ दिनों में कुत्तों के काटने की घटनाओं में तेजी से वृद्धि हुई है, जिससे स्थानीय निवासियों में भय व्याप्त है। पिछले 4-5 दिनों में करीब 15 लोग आवारा कुत्तों के काटने का शिकार हुए हैं। मोहल्ला चार हट्टियां, ऊंचा खेड़ा और माता रानी मोहल्ले में आवारा कुत्तों का झुंड खुलेआम घूमता नजर आ रहा है, जिससे स्थानीय लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है। मोहल्ला निवासी महिलाओं ने बताया कि इलाके में कुत्तों की संख्या में अप्रत्याशित वृद्धि हुई है। सिविल अस्पताल रोपड़ से मिली जानकारी के अनुसार, पिछले महीने करीब 620 लोग कुत्तों के काटने के इलाज के लिए पहुंचे थे। अस्पताल के आंकड़ों के मुताबिक, रोजाना औसतन 15 से 20 मरीज इलाज के लिए आ रहे हैं, जिससे अस्पताल पर भी दबाव बढ़ गया है।
कुत्ते का हमला सीसीटीवी में कैद महिलाओं ने बताया कि हाल ही में एक राह चलती महिला को आवारा कुत्तों ने बुरी तरह काट लिया, जिसकी सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है। इस घटना ने महिलाओं और बच्चों को और भी डरा दिया है रजनी और बबली नामक मोहल्ला निवासियों ने बताया कि कुत्ते हर समय गलियों और घरों के बाहर बैठे रहते हैं और आने-जाने वाले लोगों पर हमला कर रहे हैं। कुत्तों को नियंत्रित करने के लिए टेंडर जारी म्यूनिसिपल कमेटी के ईओ अशोक कुमार ने बताया कि शहर में आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या को नियंत्रित करने के लिए टेंडर जारी किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इसके तहत कुत्तों की नसबंदी करवाई जाएगी और उन इलाकों की पहचान की जा रही है जहां इनकी संख्या अधिक है। हालांकि, नागरिकों का कहना है कि यह कार्रवाई बहुत धीमी है और तत्काल राहत की आवश्यकता है। नागरिकों की मांग: स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई करने और आवारा कुत्तों की समस्या का समाधान करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन जल्द ही कोई ठोस कदम नहीं उठाता है, तो वे विरोध प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *