बिहार में ग्रामीण विकास विभाग के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर के घर शनिवार को आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने रेड की है। पटना और जमुई के 4 ठिकानों पर ये छापेमारी चल रही है। पटना की मजिस्ट्रेट कॉलोनी के जगत विला अपार्टमेंट में फ्लैट नंबर F-2 से 40 लाख रुपए कैश मिले हैं। लाखों के गहने भी बरामद हुए हैं। उनका आंकलन किया जा रहा है। सुबह करीब साढ़े 8 बजे EOU के अधिकारी यहां कार्रवाई के लिए पहुंचे थे। कई बैंकों की पासबुक और जमीन से जुड़े कागजात भी टीम को मिले हैं। जमुई में रेड के दौरान 8.39 लाख कैश मिले हैं। नोटों की गिनती जारी है। गोपाल कुमार जमुई के झाझा में ग्रामीण विकास विभाग में एग्जीक्यूटिव इंजीनियर हैं। EOU ने गोपाल कुमार पर आय से अधिक संपत्ति का केस दर्ज किया था। वारंट के बाद ये एक्शन लिया गया है। खबर से जुड़े हाईलाइट्स पटना में रेड की तस्वीरें देखिए… चारों ठिकानों पर रेड से जुड़े अपडेट्स बैंक खातों, जमीन और निवेश से जुड़े दस्तावेजों की जांच सूत्रों के अनुसार, छापेमारी के दौरान बैंक खातों, जमीन और निवेश से जुड़े दस्तावेजों की गहन जांच की जा रही है। टीमों ने नकदी, आभूषण, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और वित्तीय लेन-देन से संबंधित कागजात भी खंगाले। अधिकारियों को तलाशी के दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेज मिलने की संभावना है। EOU अधिकारियों ने बताया कि तलाशी अभियान समाप्त होने के बाद जब्त दस्तावेजों और बरामद संपत्तियों का विस्तृत मूल्यांकन किया जाएगा। इसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जमुई में रेड की 2 तस्वीरें…
2 करोड़ 61 हजार अवैध संपत्ति का खुलासा EOU की जांच और सत्यापन में शुरुआत में पाया गया कि अधिकारी ने अपनी ज्ञात आय से लगभग 81.5 प्रतिशत अधिक संपत्ति अर्जित की है। जांच में करीब 2 करोड़ 61 हजार रुपये की अवैध संपत्ति का खुलासा हुआ है। इसके बाद ग्रामीण कार्य प्रमंडल, झाझा (जमुई) में पदस्थापित कार्यपालक अभियंता गोपाल कुमार के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई। शनिवार सुबह पटना और जमुई समेत 4 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू हुई। ये मामला आर्थिक अपराध इकाई थाना कांड संख्या-08/26, दिनांक 15 मई 2026 के तहत दर्ज किया गया है। इस मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 13(2) सहपठित धारा 13(1) (बी) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। आर्थिक अपराध इकाई ने विशेष न्यायालय निगरानी, पटना से तलाशी वारंट लेने के बाद ये कार्रवाई की। खबर लगातार अपडेट हो रही है… ————— ये खबर भी पढ़िए… बिहार का ब्लैकमनी खपाने का सेंटर बना सिलीगुड़ी-500 करोड़ इन्वेस्ट:200 से ज्यादा नेताओं-अधिकारियों ने लगाए रिश्वत के पैसे, हवाला से भेजी जा रही रकम सिलीगुड़ी के रियल एस्टेट और दिल्ली-NCR के फार्म हाउसों में बिहार के 200 से ज्यादा सफेदपोशों ने 500 करोड़ रुपए से अधिक का काला धन खपाया है। इसके लिए हवाला के जरिए रकम भेजी गई। बिहार की जांच एजेंसियां अब इन साहबों की कुंडली खंगाल रही हैं, जिससे कई बड़े नामों के बेनकाब होने की पूरी संभावना है। EOU, SVU और निगरानी की छापेमारी में लगातार सिलीगुड़ी में अवैध प्रॉपर्टी खरीदने की जानकारी मिल रही थी। इस आधार पर हमने (भास्कर ने) पड़ताल की तो चौंकाने वाले खुलासे हुए। पूरी खबर पढ़िए