लुधियाना के थाना बस्ती जोधेवाल के अधीन पड़ते कैलाश नगर इलाके में मंगलवार देर शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। घरेलू विवाद से परेशान एक युवक ने धारदार ब्लेड से अपना गला रेत लिया। खून से लथपथ हालत में उसे उसकी पत्नी सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है और जांच जारी है। घायल युवक की पहचान सुधीर निवासी जिला हरदोई, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। कई दिनों से चल रहा घरेलू विवाद सुधीर ने बताया कि उसने करीब पांच साल पहले अपने गांव की युवती से शादी की थी। वह पिछले काफी समय से पत्नी और 4 वर्षीय बेटी के साथ लुधियाना के कैलाश नगर में रह रहा था। मजदूरी कर वह परिवार का पालन-पोषण करता था। सुधीर के अनुसार पिछले कई दिनों से पति-पत्नी के बीच घरेलू विवाद चल रहा था। उसने आरोप लगाया कि दो दिन पहले उसकी साली ने उसके साथ मारपीट की थी और पुलिस को शिकायत दे दी थी। मंगलवार सुबह वह थाने गया, जहां करीब चार घंटे बैठने के बाद उसने माफी मांगी और वापस घर लौट आया। घर पहुंचने के बाद मानसिक तनाव में आकर उसने ब्लेड से अपना गला काट लिया। घटना के बाद उसकी पत्नी और आसपास के लोगों ने उसे तुरंत सिविल अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में देर रात तक उसकी हालत गंभीर बताई जा रही थी। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बना रहा। वहीं अस्पताल में मौजूद सुधीर की पत्नी अंजली ने अपना पक्ष रखते हुए बताया कि उसका पति अक्सर शराब के नशे में उसके साथ मारपीट करता था। इसी से परेशान होकर उसने अपनी बहन के साथ पुलिस में शिकायत दी थी। अंजली के मुताबिक मंगलवार को थाने से लौटने के बाद सुधीर ने फिर सेशराब पी और घर में हंगामा शुरू कर दिया। इसी दौरान उसने जेब से ब्लेड निकालकर अपना गला रेत लिया। थाना बस्ती जोधेवाल पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।