‘शो कैंसिल कर… वर्ना स्टेज पर ही मार देंगे’:उत्तराखंड में मिली इसी धमकी से भड़के थे मासूम शर्मा; स्टेज से गाली देकर चैलेंज दिया

देहरादून के DAV कॉलेज में स्टेज से गाली देने के मामले में हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा को शो से पहले धमकी मिली थी कि कार्यक्रम कैंसिल करो, नहीं तो स्टेज पर ही मार देंगे। इस पूरे ईवेंट को ऑर्गेनाइनज करने वाली टीम में शामिल सदस्य ने दैनिक भास्कर एप को बताया कि ये धमकी प्रेमनगर के कुछ युवकों की ओर से दी गई थी। धमकी के बाद सिंगर और उनकी टीम पूरी रात तनाव में रही। अगले दिन शो नॉर्मल तरीके से हुआ, लेकिन खत्म होते ही सिंगर भड़क गए और स्टेज से गालियां दीं। इस दौरान मंच पर मौजूद विधायक उमेश कुमार उन्हें रोकते नजर आए, लेकिन सिंगर नहीं माने। आज इस मामले में विधायक ने बयान जारी कर खुद भी दावा किया है कि उन्होंने स्टेज पर मासूम को दो बार रोका लेकिन वो रुके नहीं। गालियां देने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा तो सिंगर खूब ट्रोल होने लगे। इसके बाद सिंगर को सफाई देते हुए माफी भी मांगनी पड़ी। पहले समझिए कार्यक्रम से जुड़े सदस्य के मुताबिक क्या था पूरा मामला… रात डेढ़ बजे आया धमकी भरा कॉल
कार्यक्रम से जुड़े सदस्य के मुताबिक, “10 अप्रैल को मासूम देहरादून के फाइव स्टार होटल हयात रेजिडेंसी में रुके थे। रात करीब डेढ़ बजे कुछ लड़कों ने अमेरिका में रहने वाले मासूम के चचेरे भाई को कॉल किया और कहा कि अपने भाई को बोल दो कि कल शो नहीं करेगा, नहीं तो स्टेज पर ही मार देंगे।” उन्होंने बताया, “रात में होटल के आसपास कुछ लड़के घूम रहे थे। ये प्रेमनगर के रहने वाले बताए जा रहे हैं। इनमें कुछ स्टूडेंट थे, लेकिन ये बाहर के थे। टीम को उनकी मूवमेंट संदिग्ध लगी थी।” पूरी रात अलर्ट रही टीम, किसी ने नहीं सोया
सदस्य के अनुसार, “जब धमकी की जानकारी मिली तो पूरी टीम अलर्ट हो गई। मासूम भी काफी परेशान हो गए थे। पूरी टीम रात भर सो नहीं पाई और लगातार इस बात पर नजर रखी कि कहीं कोई दिक्कत न हो जाए।” उन्होंने कहा, “अगले दिन जब शो शुरू हुआ तो सब कुछ नॉर्मल था और कार्यक्रम सही तरीके से पूरा हो गया। लेकिन शो खत्म होने के बाद मासूम को रात वाली बात याद आ गई और वही गुस्सा स्टेज पर निकल गया।” स्टेज से दी चुनौती, गाली देकर कहा-अब जो करना है कर लो
सदस्य ने बताया, “शो खत्म होने के बाद मासूम ने स्टेज से कहा कि मैं देहरादून में शो कर चुका हूं, अब जो करना है कर लो। उन्होंने ये बात गुस्से में गाली देकर कही। बाद में उन्होंने इसके लिए माफी भी मांग ली।” अब पढ़िए मासूम ने आखिर स्टेज से क्या कहा दरअसल शनिवार को मासूम उत्तराखंड के देहरादून में DAV कॉलेज में शो करने पहुंचे थे। इस कार्यक्रम में सीएम धामी भी पहुंचे थे। धामी की एंट्री के वक्त दोनों ही एक दूसरे का हाथ ऊपर उठाते भी नजर आए। वहीं मासूम के करीबी माने जाने वाले खानपुर सीट से विधायक उमेश कुमार भी मंच पर ही मौजूद थे। कार्यक्रम के दौरान मासूम ने अपने कई हिट गाने गाए। वहीं शो खत्म होने के बाद वो भड़क गए। उन्होंने मंच से ही उस युवक को गालियां देनी और चैलेंज देना शुरू कर दिया। इस पूरी घटना के कुछ वीडियो सामने आए हैं जिसमें विधायक उमेश कुमार उन्हें रोकते हुए भी दिख रहे हैं लेकिन मासूम काफी गुस्से में थे और उन्होंने कहा- देहरादून में प्रोग्राम कर रहा हूं, अगर तेरे में दम है तो यहां आ, हयात छोड़ यहां आ और टाइम देख के आ। इस दौरान मासूम ने मंच से ही गालियां भी दीं। इसके साथ ही उन्होंने कहा- बेटे तेरा नाम डिस्क्लोज नहीं करूंगा नहीं तो तू बर्बाद हो जाएगा। सोशल मीडिया पर ट्रोल हुए तो माफी मांगी कार्यक्रम में मासूम शर्मा की गाली देने की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा और वो ट्रोलिंग का शिकार हुए तो उन्होंने एक वीडियो जारी कर मागी मांगी उन्होंने पूरा वाकया बताते हुए कहा कि रात को बदमाश उनके होटल के चक्कर काट रहा था पूरी टीम सोई नहीं थी और उनके चाचा के लड़के को भी उल्टा सीधा बोला गया था जिसके कारण वो परेशान थे। उन्होंने आगे कहा- अगर किसी भाई बहन की भवना को ठेस पहुंची है तो मैं उसके लिए क्षमा प्राथी हूं। वीडियो वायरल के बाद नोटिस, अभी केस दर्ज नहीं वायरल वीडियो के बाद पुलिस ने फिलहाल हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा के खिलाफ कोई मुकदमा दर्ज नहीं किया है। हालांकि पौड़ी के श्रीनगर थाने में मासूम के खिलाफ एक शिकायती पत्र दिया गया है जिसमें हरियाणवी सिंगर पर कार्रवाई की बात कही गई है। इधर देहरादून पुलिस की ओर से सिंगर को नोटिस भेजकर जवाब मांगा गया है। इसमें उन्हें 15 दिन के भीतर अपना पक्ष रखने को कहा गया है। पुलिस का कहना है कि जवाब मिलने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। ————- ये खबर भी पढ़ें… हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा को उत्तराखंड पुलिस ने थमाया नोटिस:15 दिन में जवाब देने को कहा; देहरादून में MLA के सामने स्टेज से दी थी गालियां देहरादून में हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा के छात्रों के सामने स्टेज पर गाली देने के मामले में पुलिस ने सिंगर को नोटिस जारी कर दिया है। उनसे 15 दिन के अंदर जवाब देने को कहा है। अगर मासूम शर्मा जवाब नहीं देते हैं तो उन पर कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। (पढ़ें पूरी खबर)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *