पठानकोट-नाबालिग को कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ पिलाकर रेप:आपत्तिजनक फोटो खींचकर कर किया ब्लैकमेल; आरोपी अरेस्ट

पठानकोट के थाना सदर के अंतर्गत एक नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म और उसे ब्लैकमेल करने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता की मां ने आरोप लगाया कि आरोपी ने उनकी साढ़े 14 की बेटी को नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म किया और फिर उसकी तस्वीरें खींच ब्लैकमेल कर कई बार अपनी हवस मिटाई। पुलिस ने पीड़िता की माता के बयान के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे तुरंत गिरफ्तार भी कर लिया है। आरोपी की पहचान गांव जकोह निवासी गुरप्रीत सिंह भट्टी के तौर पर हुई है। घबराई बेटी ने मां को बताया सच
पीड़िती की मां ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 30 अप्रैल को उसने देखा कि उसकी साढ़े 14 साल की बेटी घर में घबराई बैठी थी। उसने बेटी को कारण पूछा तो उसने बताया कि जकोह निवासी गुरप्रीत सिंह भट्टी उसका पीछा एक साल से कर रहा था और उससे दोस्ती करने का दबाव बना रहा था। मार्च 2025 में जब पीड़िता के स्कूल पेपर चल रहे थे, तब आरोपी ने उसे रास्ते में रोका और घर पर कोई न होने का बहाना बनाकर उसे अपने साथ ले गया। वहां आरोपी ने पीड़िता को कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ पिलाया और उसकी मर्जी के खिलाफ शारीरिक संबंध बनाए। फोटो वायरल करने की धमकी
पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी ने इसी दौरान मोबाइल में उसकी कुछ आपत्तिजनक तस्वीरें खींच लीं। इन तस्वीरों के आधार पर वह उसे लगातार डरा-धमका रहा था कि अगर उसने किसी को बताया तो वह फोटो उसके घर वालों को दिखा देगा। डरी हुई पीड़िता ने काफी समय तक किसी को कुछ नहीं बताया, लेकिन अंत में अपनी माता को आपबीती सुनाई। आरोपी गिरफ्तार, आज अदालत में होगी पेशी
थाना सदर प्रभारी विजय कुमार ने बताया कि पुलिस ने घटना की गंभीरता को देखते हुए आरोपी गुरप्रीत सिंह के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी को तुरंत गिरफ्तार भी कर लिया गया। जिसे आज अदालत में पेश किया जाएगा। नाबालिगा के होंगे बयान और मेडिकल
थाना प्रभारी विजय कुमार ने बताया कि पीड़िता के धारा 164 के तहत बयान दर्ज करवाए जाएंगे और वूमेन सैल इंचार्ज इंस्पेक्टर रुपिंदर कौर की देखरेख में पीड़िता का मेडिकल परीक्षण भी करवाया जा रहा है। मामले की अगली तफ्तीश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *