जालंधर में BSF हेडक्वार्टर के बाहर हुए IED ब्लास्ट मामले में पुलिस ने नवांशहर से 3 युवकों को हिरासत में लिया है। गांव वालों ने बताया कि 9 मई को जालंधर पुलिस आई थी और तीनों को ले गई है। उनको इतना ही बताया गया कि इनका भी ब्लास्ट को लेकर लिंक है। इसके बाद पुलिस ने इनके बारे में कोई जानकारी नहीं दी है। गांव के सरंपच के अुनसार, इनमें एक युवक की एक महीने पहले ही शादी हुई थी। उसके पास घर बनाने तक के पैसे नहीं थे, उसका घर भी गांव के NRI ने बनाकर दिया है। वह सूंढ में पेट्रोल पंप पर काम करता था। उसे पुलिस ने वहीं से पकड़ा है। अब घर पर कोई नहीं है। दूसरा युवक इकलौता बेटा है। गरीबी में उसकी शादी नहीं हो पाई। अभी वह पेट्रोल पंप पर काम करता था। पुलिस ने इसे भी वहीं से उठाया। वह जालंधर जाकर पुलिस से मिलकर भी आए थे, लेकिन पुलिस ने इतना ही कि कहा कि इनके लिंक नजर आ रहे हैं, इसके लिए जांच कर रहे हैं। वहीं तीसरे युवक के भाई ने बताया कि जालंधर में ब्लास्ट के बाद पुलिस का फोन आया था कि भाई को हमारे हवाले कर दो। इसके बाद उसने गांव वालों से सलाह के बाद भाई को पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस उसे मोहाली ले गई है और उसे भी मोहाली बुलाया। वह लड़ाई-झगड़े के मामले में 3-4 महीने जेल जाकर आया था…पढ़ें पूरी रिपोर्ट…
विस्तार से पढ़िए तीनों युवक कौन हैं… लखविंदर जेल काटकर आया, पढ़ा-लिखा भी कम लखविंदर (39) के भाई हरदीप ने कहा कि जालंधर पुलिस ने पूछताछ के लिए उसके भाई को हिरासत में लिया है। हालांकि पुलिस ने इस बारे में कोई पुष्टि नहीं की है। हरदीप कुमार ने बताया कि उनका गांव गदाणियां है और ये नवांशहर जिले में आता है। 2 दिन पहले पुलिस का फोन आया था कि लखविंदर कहां है, उसे पुलिस के हवाले कर दो उससे पूछताछ करनी है। पुलिस का फोन आने के बाद मैंने परिवार और गांव वालों से सलाह ली। लखविंदर से पूछा कि क्या करके आए हो तो उसने कुछ भी नहीं बताया। उसकी चुप्पी पर शक हुआ तो उसे पुलिस को सौंप दिया। हरदीप ने कहा कि अभी पुलिस ने उसे मोहाली बुलाया है। देखते हैं कि पुलिस क्या बताती है। भाई ने क्या किया है, इसकी हमें जानकारी नहीं है। अगर लखविंदर सही हुआ तो ठीक है, नहीं तो हम उसकी पैरवी नहीं करेंगे। लखविंदर के बारे में भाई ने बताया कि वह किसी से भी ज्यादा बात नहीं करता। पढ़ा-लिखा भी कम है। क्या करता है, कहां जाता है, उसका किसी को पता नहीं होता। कभी-कभी रात के 12 बजे भी घर लौटता है। नशे का आदी है और उसकी कंपनी नशेड़ी और क्रिमिनल लोगों के साथ ही है। ताया लगने वाले रेशम लाल ने बताया कि पुलिस वाले आए थे। उनसे पूछा कि कहां से आए हैं, तो बताया कि जालंधर से आए हैं। लखविंदर को पेश करवाने के लिए कहा तो करवा दिया। अब हमें पता चला है कि पुलिस उसे मोहाली ले गई है। उसका छोटा भाई रंग करने का काम करता है, उसी से घर का गुजारा चलता है। भाई को भी मोहाली बुलाया है। लखविंदर को गांव में घुल्ला कहते हैं। इससे पहले भी वह जंडियाला में लड़ाई-झगड़े में फंसा था। इस मामले में 3-4 महीने जेल जाकर आया था। ताया ने बताया कि इसके पिता की मौत हो चुकी है और मां पैरालाइज के चलते बिस्तर पर है।
दविंदर इकलौटा बेटा, ताऊ फौजी, पिता टेंपो चलाते ब्लाकीपुर के सरपंच मलकीत सिंह ने बताया कि उनके गांव के दविंदर (30) को पुलिस ने पूछताछ के लिए उठाया है। जालंधर ब्लास्ट की चर्चा जरूर हो रही थी, लेकिन दविंदर की क्या भूमिका थी हमें नहीं पता, न ही पुलिस ने कुछ जानकारी दी। बस इतना ही बताया कि कोई लिंक निकल रहा है। सरपंच ने बताया कि दविंदर के घर में बहुत की गरीबी है। वह सूंढ में पेट्रोल पंप पर काम करता है। गांव में कभी भी इसके बारे में कुछ खराब नहीं सुना और ये कभी किसी वारदात में शामिल नहीं रहा। परिवार मेहनती है। इसकी मां लोगों के घरों में काम करती है। पिता टेंपो चलाता है, लेकिन किनडी में दिक्कत के चलते कभी दिहाड़ी पर नहीं जा पाता। जब सरपंच से पूछा गया कि इसका घर तो ठीक है बना है, इस पर सरपंच ने कहा कि इसका ताया फौजी है, उसी ने घर बनाकर दिया। दविंदर अपने घर में इकलौता बेटा है और कोई कमाने वाला नहीं है। लवप्रीत की 1 माह पहले शादी, NRI ने घर बनाकर दिया सरपंच मलकीत सिंह ने बताया कि लवप्रीत की भी अभी 30 साल उम्र है। उसकी एक महीना पहले शादी हुई है। उसके घर पर भी बहुत गरीबी है। सरपंच ने कहा कि ये परिवार गांव का सबसे गरीब परिवार है। इसका घर आलीशान जरूर है, लेकिन इसे गांव के एक एनआरआई ने बनाकर दिया है। लवप्रीत की मां की बहुत पहले मौत हो गई है। उसकी 2 बहने हैं और दोनों की शादी हो चुकी है। लवप्रीत के घर पर उसकी गिरफ्तारी के बाद से ताले लटके हैं। गिरफ्तारी के बाद पत्नी भी मायके चली गई है। सरपंच ने बताया कि अचानक से क्या हो गया हमें भी समझ नहीं आ रहा है। लवप्रीत के बारे में भी कभी गांव में कुछ गलत नहीं सुना। अब पुलिस की जांच में ही पता चलेगा कि किसके साथ किसका क्या लिंक है। ************** ये खबर भी पढ़ें: आर्मी कैंप-BSF हेडक्वार्टर के बाहर IED ब्लास्ट के VIDEO:पंजाब DGP बोले- PAK का हाथ, ऑपरेशन सिंदूर से कनेक्शन; CM बोले- BJP ने कराए पंजाब में मंगलवार रात 3 घंटे के भीतर 2 जगह ब्लास्ट हुए। पहला ब्लास्ट रात करीब 8 बजे जालंधर में BSF के पंजाब हेडक्वार्टर के बाहर हुआ। यह धमाका कूरियर बॉय की एक्टिवा में हुआ। दूसरा ब्लास्ट रात करीब 11 बजे अमृतसर में आर्मी कैंप के बाहर हुआ। यहां कैंप के भीतर ग्रेनेड फेंकने की कोशिश थी लेकिन वह दीवार से टकराकर फट गया। (पढ़ें पूरी खबर)