देश में पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने और पर्यावरण संरक्षण को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील का असर अब बिहार की राजनीति में भी दिखने लगा है। सम्राट चौधरी ने भी अपने काफिले में गाड़ियों की संख्या कम कर दी है। आज वो पटना से दरभंगा जाने के लिए एयरपोर्ट पहुंचे। इस दौरान उनके काफिले में उनकी गाड़ी मिलाकर सिर्फ 3 गाड़ियां थीं। इससे पहले उनके कारकेड में 19 गाड़ियां होती थीं। वहीं पूर्व सीएम नीतीश के बेटे और स्वास्थ्य मंत्री निशांत 12 गाड़ियों के काफिले के साथ अपने पैतृक गांव कल्याण बिगहा गए। केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने भी अपनी सुरक्षा में लगी गाड़ियों को कम करने का निर्देश दिया है।
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उनके बेटे पैतृक गांव कल्याण बिगहा पहुंचे। मुख्यमंत्री पद से त्यागपत्र देने और राज्यसभा सांसद बनने के बाद यह उनका अपने पैतृक गांव का पहला दौरा है। स्वास्थ्य मंत्री निशांत अपनी मां मंजू देवी की 19वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि देने कल्याण बिगहा गांव पहुंचे थे। इस दौरान निशांत के साथ 12 गाड़ियों का काफिला था। नीतीश कुमार भी अपने पैतृक गांव पहुंचे थे। केंद्रीय मंत्री नित्यानंद के बिहार दौरे के दौरान उनकी सिक्योरिटी में एक CRPF और दूसरी बिहार पुलिस की गाड़ी होगी। इसको लेकर नित्यानंद के दफ्तर से बिहार सरकार को चिट्ठी लिखी गई है। इसके साथ ही नित्यानंद राय ने समर्थकों से अपील की है कि, स्वागत कार्यक्रम के दौरान गाड़ियों की संख्या सीमित ही रखें। वहीं प्रधानमंत्री के ईंधन बचाने के संदेश पर पहल करते हुए बिहार सरकार के खान-भूतत्व एवं कला-संस्कृति मंत्री डॉ प्रमोद कुमार गुरुवार को गयाजी की यात्रा ट्रेन से करेंगे। साइकिल से पहुंचे जज, अफसर प्रधानमंत्री की अपील का असर न्यायपालिका और प्रशासन पर भी दिख रहा है। गुरुवार को बांका सिविल कोर्ट के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सत्य भूषण आर्य सहित अन्य न्यायिक अधिकारी और न्यायालय कर्मी साइकिल से कोर्ट पहुंचे। वहीं सहरसा में नगर आयुक्त भी साइकिल से कलेक्ट्रेट पहुंचे। फिर मीटिंग अटेंड करने के बाद वो अपने ऑफिस सहरसा नगर निगम पहुंचे। उनके साथ उनके बॉडीगार्ड भी साइकिल से ही पहुंचे। नीतीश कुमार से तीन गुना काम करेंगेःCM दरभंगा में CM ने कहा, ‘PM मोदी ने देश की जनता से अपील की है कि सभी लोग अपनी गाड़ियां कम करें। मीटिंग वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए करें। हमने कल ही फैसला लिया। मंत्री और बाकी पदाधिकारी अपने काफिले में गाड़ियों को कम करें। सुरक्षा के लिए जो जरूरी है वो कीजिए, लेकिन पेट्रोल-डीजल बचाने की कोशिश कीजिए। नीतीश कुमार ने बहुत काम किया। हमें नीतीश कुमार जी से 3 गुना ज्यादा काम करना है। तभी बिहार आगे बढ़ेगा। बिहार सरकार आश्वस्त करती है कि CISF जैसी भी मदद चाहिए। हम उन्हें देंगे।’ CM की अपील- पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल करें बिहार के CM सम्राट चौधरी बुधवार को ही जनता से अपील कर चुके हैं कि लोग पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल करें। प्राइवेट और सरकारी ऑफिस में वर्क फ्रॉम होम लागू किया जाए। मंत्री और जनप्रतिनिधि अपनी गाड़ियों को कम करें। सप्ताह में एक दिन नो व्हीकल डे रखा जाए।