अबोहर में नामांकन के आखिरी दिन भाजपा और आम आदमी पार्टी (AAP) समर्थकों के बीच झड़प हो गई। एसडीएम कार्यालय के बाहर भीड़ के कारण हुई धक्कामुक्की के बाद एक महिला ने युवक की पिटाई कर दी, जिसके बाद दोनों दलों के कार्यकर्ता आपस में उलझ गए। डीएसपी हरीश कुमार ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। जानकारी के मुताबिक, मामला शनिवार (16 मई) का है। 26 मई को होने वाले नगर निगम चुनावों के लिए नामांकन दाखिल करने का अंतिम दिन था। अबोहर के 50 वार्डों से लगभग 200 उम्मीदवार अपने समर्थकों के साथ एसडीएम कार्यालय पहुंचे थे, जिससे वहां भारी भीड़ जमा हो गई थी। समर्थकों ने एक-दूसरे के खिलाफ जमकर नारेबाजी की भीड़ इतनी अधिक थी कि कुछ समय बाद स्थिति अनियंत्रित हो गई। कुछ लोगों ने SDM कार्यालय के गेट पर खड़े दो पुलिसकर्मियों से भी धक्का-मुक्की की और जबरन अंदर घुसने का प्रयास किया। इसी धक्का-मुक्की के दौरान एक महिला ने एक युवक की पिटाई कर दी। इसके बाद भाजपा और आप समर्थकों ने एक-दूसरे के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। तुरंत स्थिति पर काबू पाया गया सूचना मिलते ही डीएसपी हरीश कुमार महिला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस कर्मचारियों की मदद से तुरंत स्थिति पर काबू पाया। इस दौरान भीड़ को तितर-बितर किया गया। डीएसपी हरीश कुमार ने बताया कि एक साथ नामांकन दाखिल करने के कारण अधिक भीड़ एकत्र होने से स्थिति थोड़ी बिगड़ गई थी। दोपहर तक नामांकन शांतिपूर्वक दाखिल हुए हालांकि, सूचना मिलने पर उन्होंने तुरंत स्थिति को नियंत्रण में कर लिया। उन्होंने यह भी कहा कि दोपहर तक नामांकन शांतिपूर्वक दाखिल हुए। पुलिस किसी को भी माहौल खराब करने की इजाजत नहीं देगी।