झज्जर में दीपेन्द्र हुड्डा का CM सैनी पर तंज:बोले- हरियाणा में 2-2 मुख्यमंत्रियों’ का राज, असली दिल्ली में बैठे

झज्जर की अनाज मंडी में गेहूं खरीद का जायजा लेने पहुंचे रोहतक से कांग्रेस सांसद दीपेन्द्र सिंह हुड्डा ने हरियाणा की राजनीति में नया विवाद खड़ा कर दिया। सीएम नायब सिंह सैनी पर निशाना साधते हुए हुड्डा ने कहा कि प्रदेश में “कहने और करने वाले दो-दो मुख्यमंत्रियों का राज” चल रहा है। दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि नायब सैनी सिर्फ नाम के सीएम हैं। प्रदेश के सीएम तो सिर्फ कहने के लिए हैं, असली फैसले लेने वाले सीएम दिल्ली में बैठे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि हरियाणा में सत्ता का संचालन कहीं और से हो रहा है, जिससे प्रशासनिक व्यवस्था प्रभावित हो रही है। महिला आरक्षण पर समर्थन, सीट बढ़ाने पर सवाल महिला आरक्षण बिल को लेकर हुड्डा का रुख नरम दिखा। उन्होंने कहा कि यह बिल महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में जरूरी कदम है। इस दौरान उन्होंने सोनिया गांधी का जिक्र करते हुए कहा कि इसकी नींव कांग्रेस शासनकाल में रखी गई थी। हालांकि, लोकसभा सीटें बढ़ाने के प्रस्ताव पर उन्होंने केंद्र सरकार से जवाब मांगा और इस पर आक्रामक रुख अपनाया। मंडियों में अव्यवस्था पर सरकार को घेरा झज्जर अनाज मंडी के निरीक्षण के दौरान हुड्डा ने किसानों और आढ़तियों की समस्याओं को लेकर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि खरीद सीजन के दौरान पोर्टल बार-बार बंद होने से किसानों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। 10 दिनों में 5 बार पोर्टल बंद मिला, यह किसानों के साथ अन्याय है।” कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए हुड्डा ने कहा कि यदि मंत्री बारिश को फसल के लिए अच्छा मानते हैं, तो सरकार को नमी वाली गेहूं खरीद में किसानों को राहत देनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *