दुबई से संचालित ड्रग तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़:अमृतसर पुलिस ने 2 तस्कर किए अरेस्ट; 10 किलो ICE और 4 किलो हेरोइन बरामद

पंजाब पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने एक अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में 2 तस्करों को गिरफ्तार कर 10 किलोग्राम ICE (मेथामफेटामाइन) और 4 किलो हेरोइन बरामद की गई। (DGP) पंजाब द्वारा X (पूर्व ट्विटर) पर दी जानकारी के अनुसार जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी विदेश में बैठे एक बड़े ड्रग तस्कर के संपर्क में थे, जो दुबई और अबूधाबी से इस पूरे नेटवर्क का संचालन कर रहा था। आरोपी उसी के निर्देशों पर पंजाब और दिल्ली में नशीले पदार्थों की सप्लाई का काम कर रहे थे। जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि एक आरोपी हाल ही में दुबई से वापस लौटा था, जहां उसे इस अवैध कारोबार के लिए प्रशिक्षण दिया गया था और उसे हेरोइन व ICE की खेपों की तस्करी का जिम्मा सौंपा गया था। माझा और दोआबा क्षेत्रों में गैंग करता था नशे की सप्लाई यह नेटवर्क पंजाब के माझा और दोआबा क्षेत्रों में नशे की सप्लाई को फैलाने में सक्रिय था। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और इस गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान की जा रही है। साथ ही, इस पूरे रैकेट के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक की जांच भी की जा रही है, ताकि पूरे नेटवर्क को जड़ से खत्म किया जा सके। नशा तस्करी नेटवर्क को बड़ा झटका अधिकारियों के अनुसार, इस कार्रवाई से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर फैले नशा तस्करी नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है। अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने NDPS एक्ट के तहत थाना छेहरटा में मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि आने वाले दिनों में और भी गिरफ्तारियां तथा बरामदगियां संभव हैं, क्योंकि जांच तेजी से आगे बढ़ रही है। पंजाब पुलिस ने स्पष्ट किया है कि राज्य को नशा मुक्त बनाने के लिए ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *