बरनाला जिले में बरनाला-बठिंडा नेशनल हाईवे पर एक कार ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराने के बाद आग की चपेट में आ गई और पूरी तरह जलकर राख हो गई। यह घटना रात करीब 9 बजे ओवरब्रिज पर हुई, हालांकि इसमें कोई जनहानि नहीं हुई। पुलिस स्टेशन तपा के एएसआई सतगुरु सिंह ने बताया कि नवीन वर्मा अपने साथी केशव कुमार के साथ चंडीगढ़ से बठिंडा की ओर जा रहे थे। ओवरब्रिज पर उनकी तेज रफ्तार कार आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। रोशनी ना होने की वजह से हुआ हादसा प्राथमिक जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर-ट्रॉली पर न तो कोई रिफ्लेक्टर लगा था और न ही पीछे की लाइटें जल रही थीं। इसके अलावा, ओवरब्रिज की स्ट्रीट लाइटें भी बंद थीं। जिसके कारण कार ड्राइवर आगे चल रहे वाहन का अनुमान नहीं लगा सका। पेट्रोल टंकी में आग लगने से जली कार टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार ट्रॉली में फंस गई। इसी दौरान, ट्रॉली ड्राइवर ने कार को निकालने के लिए वाहन को आगे-पीछे किया, जिससे रगड़ के कारण चिंगारी निकली। इस चिंगारी से कार की पेट्रोल टंकी में आग लग गई। कुछ ही पल में कार पूरी तरह आग की चपेट में आ गई। कई टीमों आग पर काबू पाया घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। कई टीमों ने आग पर काबू पाया और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने मौके पर लगे जाम को भी खुलवाया। इस हादसे में कार पूरी तरह नष्ट हो गई। लोगों की प्रशासन से अपील यह घटना सड़क सुरक्षा व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े करती है, विशेषकर रात के समय बिना लाइट और रिफ्लेक्टर वाले वाहनों की आवाजाही को लेकर। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अपने वाहनों पर रिफ्लेक्टर अवश्य लगाएं ताकि ऐसे सड़क हादसों से बचा जा सके।