लुधियाना सुसाइड मामले में CP ऑफिस के बाहर प्रदर्शन:परिजनों ने हाथों में हथकड़ियां पहन जताया रोष, पुलिस के आश्वासन पर धरना खत्म

लुधियाना में एक युवक द्वारा शादी के महज एक साल बाद खुदकुशी करने के मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। पुलिस द्वारा आरोपियों की गिरफ्तारी न किए जाने से नाराज मृतक के परिजनों ने आज लुधियाना पुलिस कमिश्नर (CP) कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान पारिवारिक सदस्यों ने हाथों में हथकड़ियां पहनकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। अनोखे ढंग से रोष से किया प्रदर्शन: मृतक के परिवार के सदस्यों ने अनोखे ढंग से रोष जाहिर किया। उन्होंने हाथों में हथकड़ियां लगाई और पुलिस से कहा या तो दोषियों को पकड़कर ये हथकड़ियाँ उन्हें लगाओ, या फिर हमें भी अंदर कर दो। 29 मार्च को दर्ज हुई थी FIR: मृतक की मां ने बताया कि बेटे की मौत 26 मार्च को हुई थी, जिसके बाद 29 मार्च को पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत FIR दर्ज की थी।परिजनों का आरोप है कि FIR दर्ज हुए कई दिन बीत चुके हैं लेकिन पुलिस अभी तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। इसी ढीली करवाही के चलते आज उन्हें सड़कों पर उतरना पड़ा। पुलिस के आश्वासन पर धरना खत्म: मौके पर पहुंचे वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने परिवार को आश्वासन दिया कि मामले में जल्द कार्रवाई की जाएगी और आरोपियों को सलाखें के पीछे भेजा जाएगा। इस आश्वासन के बाद परिजनों ने धरना समाप्त किया। क्या था पूरा मामला बता दें कि लुधियाना के एक युवक ने शादी के केवल एक साल बाद ही मौत को गले लगा लिया था। मरने से पहले युवक ने 2 पन्नों का भावुक सुसाइड नोट भी छोड़ा था, युवक ने नोट में स्पष्ट लिखा था मैं मरना नहीं चाहता था, लेकिन मेरी घरवाली (पत्नी) ने मुझे ऐसा करने के लिए मजबूर कर दिया। मृतक ने अपनी मौत के लिए अपनी पत्नी और ससुराल पक्ष के मानसिक उत्पीड़न को जिम्मेदार ठहराया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *